
बिहार के पूर्व सांसद आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। अदालत ने उनकी समय से पहले हुई रिहाई को चुनौती देने वाली याचिका पर फैसला सुनाते हुए बिहार सरकार के 2023 के जेल नियमों में किए गए संशोधन को असंवैधानिक करार दिया है। साथ ही आनंद मोहन को एक महीने के भीतर सरेंडर कर दोबारा जेल जाने का निर्देश दिया है।
एक महीने में करना होगा सरेंडर
आनंद मोहन को 1994 में गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी. कृष्णैया की हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया था। इस मामले में उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। हालांकि, बिहार सरकार ने जेल नियमों में बदलाव कर उनकी समयपूर्व रिहाई का रास्ता साफ कर दिया था। इसके बाद अप्रैल 2023 में उन्हें जेल से रिहा कर दिया गया।
इस रिहाई को जी. कृष्णैया की पत्नी उमा देवी कृष्णैया ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। उन्होंने अदालत से बिहार सरकार के फैसले को रद्द करने और आनंद मोहन को दोबारा जेल भेजने की मांग की थी। अब शीर्ष अदालत ने उनकी याचिका पर फैसला सुनाते हुए सरेंडर का आदेश दिया है।
बिहार सरकार ने बदले थे जेल के नियम
आनंद मोहन की रिहाई के लिए बिहार सरकार ने अप्रैल 2023 में जेल नियमों में संशोधन किया था। इस बदलाव के तहत ड्यूटी पर तैनात सरकारी सेवक की हत्या से जुड़े प्रावधानों में परिवर्तन किया गया था, जिससे उनकी रिहाई संभव हो सकी।
हालांकि, इस फैसले पर सवाल उठाते हुए उमा देवी कृष्णैया ने अदालत का रुख किया था। आनंद मोहन और बिहार सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल कर रिहाई के फैसले को उचित बताया था। उनका तर्क था कि यह निर्णय मनमाना नहीं था।
फांसी की सजा को उम्रकैद में बदला गया था
इस मामले में आनंद मोहन को 5 अक्टूबर 2007 को निचली अदालत ने फांसी की सजा सुनाई थी। बाद में 10 दिसंबर 2008 को पटना हाईकोर्ट ने उनकी सजा को उम्रकैद में बदल दिया था। जुलाई 2012 में सुप्रीम कोर्ट ने भी हाईकोर्ट के फैसले को बरकरार रखा था।
इसके बाद उन्होंने जेल में सजा काटी, लेकिन बिहार सरकार के नियमों में बदलाव के बाद अप्रैल 2023 में उनकी समयपूर्व रिहाई हो गई।
सुप्रीम कोर्ट में दोनों पक्षों ने रखी थीं दलीलें
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ लूथरा ने दलील दी थी कि आनंद मोहन को कई बार पैरोल दी गई थी और सजा माफी बोर्ड ने समयपूर्व रिहाई का फैसला लेते समय सभी जरूरी पहलुओं पर विचार नहीं किया।
वहीं, बिहार सरकार की ओर से कहा गया था कि आनंद मोहन 14 साल से अधिक की वास्तविक सजा काट चुके हैं। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने पैरोल और उनके खिलाफ लंबित मामलों से संबंधित जानकारी भी मांगी थी।
अदालत ने ड्यूटी पर तैनात एक लोकसेवक की हत्या के मामले में सजा और रिहाई से जुड़े कानूनी पहलुओं पर भी सवाल उठाए थे। सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था।
अब अदालत के ताजा फैसले के बाद आनंद मोहन को एक महीने के भीतर सरेंडर करना होगा। इस फैसले से बिहार सरकार के 2023 के जेल नियमों में किए गए संशोधन पर भी महत्वपूर्ण कानूनी सवाल खड़े हुए हैं।









