संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान में 13 विभाग करेंगे काम

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क बांदा : संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान की जिला स्तरीय अंतर विभागीय समन्वय समिति की बैठक में जिलाधिकारी के तेवर काफी सख्त रहे। ग्रामीणों को संचारी रोगों के प्रति जागरूकता में लापरवाही बरतने पर उन्होंने महुआ बीडीओ समेत एडीओ, प्रधान, सचिव और ग्राम सहायक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी को संवेदीकरण कार्य शत प्रतिशत पूरा कराने को कहा। बताया कि अगले माह पहली से 30 अप्रैल तक पूरे जिले में संचारी रोग नियंत्रण और दस्तक अभियान चलाया जाएगा। 

कलक्ट्रेट स्थित महर्षि वामदेव सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी ने जिला स्तरीय अंतर विभागीय समन्वय समिति की बैठक में पहली से 30 अप्रैल तक जिल में चलने वाले संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान तैयारियों की समीक्षा की। कहा कि संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान में शामिल सभी 13 विभाग शेष संवेदीकरण बैठकों को समय से पूरा करें। सभी खंड विकास अधिकारी तथा नगर पालिका व नगर पंचायतों के अधिशाषी अधिकारी नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में जल भराव की स्थिति को समाप्त कराने के साथ निरोधात्मक कार्रवाई भी प्राथमिकता के साथ कराएं। कहा कि संचारी रोगों से बचाव व सफाई की जानकारी प्रार्थना सभा में शिक्षा विभाग बच्चों को देते हुए जागरूक करे। पेटिंग, निबंध लेखन आदि प्रतियोगिताओं के माध्यम से जागरुक किया जाए। शुद्ध पेयजल के बारे में जानकारी दी जाए। इसी प्रकार ग्राम विकास विभाग नालियों की सफाई, झाडियों की कटाई, एंटी लार्वा का छिड़काव, जल भराव का निस्तारण, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था करे। स्वास्थ्य एवं बाल विकास, सेवा पुष्टाहार विभाग सभी ब्लाकों व गांवों में आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पोस्टर व पंपलेट वितरित कर संचारी रोगों से बचाव के बारे में जानकारी देंगी। कुपोषित बच्चों का चिन्हीकरण कर पुष्टाहार उपलब्ध कराया जायेगा। घर-घर भ्रमण करते हुए आशा व आंगनवाडी कार्यकर्ता बुखार रोगियों, खांसी, जुकाम, क्षय रोग ग्रसित लक्षणों वाले मरीजों की सूची तैयार कर यूडीएसपी पोर्टल पर अपलोड करेंगी। दस्त रोगी मिलने पर ओआरएस, जिंक की टेबलट देंगीं। नगर पालिका, नगर पंचायत, कृषि विभाग समेत कई अन्य विभाग इस दिशा में पूरी तरह सक्रिय भूमिका निभाएंगे। बैठक में सीडीओ अजय कुमार पांडेय, सीएमओ डा.बिजेंद्र सिंह समेत सभी अपर व उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला मलेरिया अधिकारी पूजा अहिरवार, जिला वेक्टर जनित रोग सलाहकार प्रदीप कुमार, सहायक मलेरिया अधिकारी विजय बहादुर, डीएमसी यूनीसेफ, शिक्षा विभाग, आईसीडीएस, नगर विकास विभाग, पशुपालन विभाग, कृषि विभाग, जल संस्थान विभागाध्यक्षों, प्रतिनिधियों तथा सभी खंड विकास अधिकारी उपस्थित रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button