ट्रैफिक नियमों का कठोर अनुपालन सुनिश्चित करें – मंडलायुक्त

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क लखनऊ : मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब की अध्यक्षता में मण्डलीय सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुगम और सुदृढ़ बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयुक्त सभागार कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में अपर आयुक्त प्रशासन श्री राधेश्याम, सभी जिलाधिकारी, पीडब्ल्यूडी, आरटीओ, पुलिस विभाग सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित किया जाए और ट्रैफिक नियमों का कठोरता से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण यातायात नियमों की अनदेखी है, इसलिए दुपहिया वाहन चालकों को हेलमेट और कार चालकों को सीट बेल्ट पहनने के प्रति जागरूक किया जाए।

ब्लैक स्पॉट्स के सुधार पर जोर

मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए “मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति” की बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुसार ब्लैक स्पॉट्स का चिन्हांकन किया जाए और आवश्यक सुधार कार्यों को प्राथमिकता दी जाए। संबंधित अधिकारियों ने जानकारी दी कि आरटीओ, ट्रैफिक पुलिस, लोक निर्माण विभाग और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का चिन्हांकन कर लिया गया है। अब इन ब्लैक स्पॉट्स पर सुधार कार्य किए जा रहे हैं, जिसमें—

  • सड़क चौड़ीकरण एवं मरम्मत
  • अतिक्रमण हटाना
  • डिवाइडर निर्माण
  • स्ट्रीट लाइट लगाना
  • सुरक्षा संकेतक (Signage) लगाना
  • ट्रैफिक पुलिस की प्रभावी तैनाती

अवैध कट और यातायात बाधाओं पर कार्रवाई

मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि सड़कों पर अवैध कट को तत्काल बंद किया जाए और पुलिस पेट्रोलिंग को दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में नियमित रूप से सक्रिय रखा जाए। उन्होंने ब्लैकटॉप बढ़ाने, डिवाइडर निर्माण, स्पीड ब्रेकर और जंक्शन री-डिजाइनिंग के कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

बैठक में उपस्थित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि सभी सुधार कार्यों को तय समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और यातायात को सुरक्षित एवं सुगम बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button