रात के सन्नाटे में चोरों का तांडव! सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात, फिर भी बेखौफ बदमाश?

दो घरों में नाकाम, दो में लाखों का माल उड़ाया

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क  हरदोई :  माधौगंज थाना क्षेत्र के गांव रूकनापुर में रविवार आधी रात चोरों ने चार घरों को निशाना बनाया। दो घरों में चोरी की कोशिश नाकाम रही, लेकिन बाकी दो घरों से चोर हजारों की नगदी और जेवरात लेकर फरार हो गए।

ग्राम प्रधान संजय देवी के घर में चोरों ने छत के रास्ते घुसने की कोशिश की। उसी समय कुलदीप, जो अपने कमरे में बैठा था, सीसीटीवी स्क्रीन पर नजर डालते ही चौंक गया। उसने देखा कि एक कैमरा आसमान की ओर घुमा दिया गया था। तुरंत ही उसने अपने पिता को कॉल किया, जिससे पहले ही दो चोर भाग निकले। उनकी हरकतें सीसीटीवी में कैद हो गईं।

विनोद के घर में घुसे चोरों ने आंगन में टंगी पैंट से पर्स निकालकर 22 हजार रुपए ले लिए और पर्स को बाहर फेंक दिया। साथ ही, कमरे के दरवाजे को बाहर से कपड़े से बांध दिया, ताकि कोई बाहर न आ सके। इसके बाद, चोर शिवकांत के घर पहुंचे, जहां उन्होंने सीसीटीवी कैमरे के तार निकाल दिए और लोहे के दरवाजे को तोड़ने का प्रयास किया। लेकिन परिवार के लोग अंदर जाग रहे थे, जिससे चोरों को वहां से भागना पड़ा।

इसके बाद, चोर राम कुमार के घर पहुंचे, जहां छत के रास्ते से अंदर घुसे। जीना और कमरे में दरवाजा न लगा होने का फायदा उठाकर वे नीचे आ गए और लोहे की अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात और 40 हजार रुपए चुरा ले गए।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष वीर बहादुर सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच जारी है और जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।

सवाल जो परेशान कर रहे हैं!

  • सीसीटीवी होने के बावजूद चोर कैसे हुए बेखौफ?
  • क्या गांव में पहले से रेकी कर चुके थे अपराधी?
  • क्या इस बार पुलिस चोरों को पकड़ पाएगी?

गौरतलब है कि 2022 में भी इसी गांव के कई घरों में चोरी हो चुकी थी। अब सवाल यह उठता है कि क्या गांव की सुरक्षा पुख्ता है या फिर चोर पुलिस से एक कदम आगे हैं?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button