अमेरिका में अवैध प्रवास पर सख्ती, 30 भारतीय ड्राइवरों समेत 42 लोगों की गिरफ्तारी

अमेरिकी सीमा गश्ती दल के अधिकारियों ने अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे 30 भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया है। अमेरिकी सीमा शुल्क एवं सीमा सुरक्षा (सीबीपी) ने पिछले सप्ताह एक बयान में बताया कि कैलिफोर्निया के एल सेंट्रो सेक्टर में सीमा गश्ती के कई एजेंट ने आव्रजन चौकियों पर वाहनों को रोककर और अंतर-एजेंसी अभियानों के दौरान ऐसे कई अवैध प्रवासियों को गिरफ्तार किया जिनके पास वाणिज्यिक वाहन चलाने के लाइसेंस थे।

अधिकारियों ने 23 नवंबर से 12 दिसंबर के बीच अंतरराज्यीय मार्गों पर वाणिज्यिक चालक लाइसेंस के साथ सेमीट्रक चला रहे 42 अवैध प्रवासियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए लोगों में से 30 भारत से, दो अल साल्वाडोर से और शेष चीन, इरिट्रिया, हैती, होंडुरस, मैक्सिको, रूस, सोमालिया, तुर्किये और यूक्रेन से हैं।

सीबीपी ने बताया कि कैलिफोर्निया ने 31 वाणिज्यिक चालक लाइसेंस जारी किए थे; फ्लोरिडा, इलिनोइस, इंडियाना, ओहियो, मैरीलैंड, मिनेसोटा, न्यू जर्सी, न्यूयॉर्क, पेंसिल्वेनिया और वाशिंगटन द्वारा आठ-आठ लाइसेंस जारी किए गए थे। उसने कहा कि इस अंतर-एजेंसी अभियान का उद्देश्य आव्रजन कानून के उल्लंघनों को लागू करना, अमेरिकी राजमार्गों की सुरक्षा करना और वाणिज्यिक परिवहन क्षेत्र में नियामक मानकों को बनाए रखना था।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button