
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क खीरी : बजाज हिन्दुस्थान शुगर लिमिटेड की चीनी मिल गोला के मिल गेट क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भल्लिया बुजुर्ग में बसंतकालीन गन्ना बुआई अभियान के तहत एक कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में मिल पारिक्षेत्र के लगभग 156 कृषकों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश गन्ना किसान संस्थान शाहजहाँपुर के सहायक निदेशक एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. पी.के. कपिल, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक आशुतोष मधुकर, चीनी मिल के वरिष्ठ महा प्रबंधक (गन्ना) पी.एस. चतुर्वेदी सहित गन्ना विभाग एवं मिल के अधिकारी उपस्थित रहे। गोष्ठी को संबोधित करते हुए गन्ना संस्थान के सहायक निदेशक डॉ. पी.के. कपिल ने बसंतकालीन गन्ना उत्पादन तकनीक, पेड़ी प्रबंधन, संतुलित उर्वरक प्रयोग, स्वीकृत किस्मों का चयन, बीज परिवर्तन, रिंग पिट बुआई तथा गन्ना फसल सुरक्षा प्रबंधन जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक ने विभागीय योजनाओं एवं उनमें देय अनुदान, बसंतकालीन बुआई में आवश्यक सावधानियां, अनुशंसित प्रजातियां, ड्रिप सिंचाई, महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा उत्पादित सीडलिंग रोपण के लाभ, तथा फार्म मशीनरी बैंक से किफायती दरों पर यंत्रों के उपयोग की जानकारी दी। साथ ही समिति द्वारा उपलब्ध नैनो यूरिया एवं अन्य कृषि दवाइयों के विषय में भी बताया।
इस अवसर पर वरिष्ठ महा प्रबंधक गन्ना पी.एस. चतुर्वेदी ने कृषकों से अधिक उत्पादन के लिए उन्नतशील गन्ना प्रजातियों जैसे को० 0118, को० 15023, कोशा० 13235, कोलख० 14201 तथा जलभराव वाले क्षेत्रों के लिए को० 98014 एवं कोलख० 94184 को अपनाकर ट्रेंच विधि से बुआई करने की अपील की। उन्होंने बताया कि गन्ने के ऊपरी एक-तिहाई भाग का जमाव अच्छा होता है, इसलिए उसी भाग को बीज के रूप में प्रयोग करें तथा शेष भाग को मिल में आपूर्ति करें। उन्होंने पेड़ी गन्ने की बेहतर उपज के लिए कटाई के तुरंत बाद सिंचाई कर 75 किलोग्राम यूरिया प्रति एकड़ की दर से प्रयोग करने की सलाह दी। साथ ही बताया कि चीनी मिल द्वारा बीज, ट्राइकोडर्मा (मृदा उपचार) एवं फफूंदनाशक थायोफिनेट मिथाइल कृषकों को अनुदान पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने किसानों से अपना बेसिक कोटा सुदृढ़ बनाए रखने के लिए संपूर्ण गन्ना मिल को ही आपूर्ति करने का अनुरोध किया। गोष्ठी में सहायक महा प्रबंधक गन्ना ओ.डी. शर्मा, प्रबंधक गन्ना सत्येंद्र कुमार मिश्र, वरिष्ठ गन्ना अधिकारी रामेश्वर दुबे, इंद्रपाल सिंह यादव, सहायक अधिकारी राहुल यादव सहित प्रगतिशील कृषक रामचन्द्र, राजकुमार, रामनरेश, रामकुमार पाण्डेय, सराकतद्दीन, मो. सलीम, मारूफ, बरकत अली सहित गन्ना समिति के पर्यवेक्षक एवं चीनी मिल के मोटिवेटर/कामदार तथा सैकड़ों कृषक उपस्थित रहे।





