
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क कौशाम्बी : जिलाधिकारी के निर्देशन में सोमवार को नगर पालिका परिषद भरवारी द्वारा करारी रोड एवं नया बाजार/महेवामार्ग पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व अधिशासी अधिकारी राम सिंह ने किया। इस दौरान लेखा लिपिक बबलू गौतम, राकेश सरोज, थाना कोखराज की पुलिस, तथा नगर पालिका के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यवाई में सड़क की पटरियों एवं नाला-नालियों पर किए गए अतिक्रमण हटवाए गये। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले विभिन्न अतिक्रमणकर्ताओं से 2700 रुपये का कुल जुर्माना भी वसूल किया गया। गौरतलब हो कि कस्बा भरवारी में हर रोड पर दुकानदारों द्वारा नाली तथा सड़क की पटरी पर पूरी तरह एकाधिकार रूप से कब्जा किया गया है जिससे लोगों को आवागमन में भी दिक्कत का सामना करना पड़ता है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में जनहित, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को बाधित करने वाले अतिक्रमण पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए प्रशासन की सक्रियता की सराहना की।








