जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत रघुनाथपुर में उच्च प्राथमिक विद्यालय व पंचायत भवन का किया निरीक्षण

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क कौशाम्बी : जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने सोमवार को विकास खण्ड सिराथू के ग्राम रघुनाथपुर में उच्च प्राथमिक विद्यालय एवं पंचायत भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उच्च प्राथमिक विद्यालय में बाउण्ड्रीवाल का निर्माण कार्य अधूरा तथा गेट न लगाये जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने खण्ड विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि विद्यालय में शीघ्र गेट लगवाते हुए बाउण्ड्रीवाल का कार्य पूर्ण कराया जाय। विद्यालय के शौचालयों की साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक न पाये जाने पर प्रधानाचार्य एवं ग्राम प्रधान को स्वच्छता व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये।

जिलाधिकारी ने प्रधानाध्यापक से नामांकित विद्यार्थियों की जानकारी प्राप्त करते हुए बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने, शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने तथा मानक के अनुरूप मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। कक्षाओं में निपुण तालिका न लगी होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रधानाध्यापक को तत्काल निपुण तालिका लगवाकर उसे नियमित रूप से सुरक्षित रखने के निर्देश दिये।

विद्यालय परिसर स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र के निरीक्षण के दौरान पोषाहार वितरण न होने एवं प्रारम्भिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा गतिविधियों का उपयोग न पाये जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सी.डी.पी.ओ. को सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा पोषाहार का समयबद्ध वितरण कराने के निर्देश दिये। पंचायत भवन के निरीक्षण में भवन जर्जर अवस्था में पाया गया जिस पर खण्ड विकास अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये। इसके अतिरिक्त गांव की नालियों, साफ-सफाई व्यवस्था एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के भी निर्देश दिये गये। विद्यालय की बाउण्ड्रीवाल का अधूरा कार्य, गेट न लगना, सामुदायिक शौचालय की खराब साफ-सफाई सहित अन्य कार्यों में लापरवाही पाये जाने पर ग्राम विकास अधिकारी विनय कुमार चौधरी को निलंबित करने के निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिये गये। साथ ही मामले की जांच हेतु तीन सदस्यीय समिति—परियोजना निदेशक, अधिशासी अभियंता (लो.नि.वि.) एवं सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी (बेसिक) की टीम गठित करने के निर्देश भी दिये गये।

इस अवसर पर खण्ड विकास अधिकारी सिराथू भावेश शुक्ला सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button