द्वारचार के दौरान घराती व बरातियों के बीच खूनी संघर्ष, पुलिस की उपस्थिति में हुई शादी की रस्म

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क कौशाम्बी : जिले के कड़ा धाम थाना क्षेत्र के सौरई बुजुर्ग गांव में एक शादी समारोह के दौरान द्वारचार की रस्म में बारातियों और घरातियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। घटना में कई लोग घायल हो गये। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराकर शादी की बाकी रस्में पूरी कराईं। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। जानकारी के अनुसार फरीदगंज निवासी रूपेश पाल की बारात सौरई बुजुर्ग गांव में अमृतलाल के घर आई थी। नाश्ता-पानी के बाद बाराती डीजे की धुन पर नाचते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे। इसी दौरान द्वारचार की रस्म के समय किसी बात को लेकर बारातियों और घरातियों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गये। इस दौरान लात-घूंसों से जमकर मारपीट हुई। मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और समझौता कराकर शादी की रस्में पूरी करायी। बताया जा रहा है कि पुलिस ने दोनों पक्षों को दूसरे दिन थाने बुलाया जिसके बाद बारात की विदाई हुई। उक्त घटना में कई लोग घायल हुए हैं। वहीं अमन सोनकर नाम के युवक को गंभीर चोटें आई है जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button