“नालंदा के बिहारशरीफ स्थित शीतला माता मंदिर में शीतलाष्टमी पूजा के दौरान भगदड़ में 8 महिलाओं की मौत और कई घायल। भीड़ नियंत्रण में लापरवाही पर उठे सवाल। पूरी खबर पढ़ें।“
बिहार। नालंदा मंदिर भगदड़: बिहार के नालंदा जिले के बिहारशरीफ स्थित मघड़ा गांव के शीतला माता मंदिर में मंगलवार सुबह शीतलाष्टमी पूजा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। भारी भीड़ के बीच अचानक भगदड़ मच गई, जिसमें 8 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 6 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए।
घायलों को तुरंत स्थानीय मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद मंदिर परिसर और अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शीतलाष्टमी और मंगला मेला के कारण सुबह से ही हजारों की संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक अफरा-तफरी मच गई और लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे, जिससे भगदड़ की स्थिति बन गई।
मृतकों में अब तक दो महिलाओं की पहचान हुई है—रीता देवी (50) और रेखा देवी (45)। अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
घटना के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मंदिर और मेला को बंद करा दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इतनी बड़ी भीड़ के बावजूद पर्याप्त सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के इंतजाम नहीं किए गए थे। बताया जा रहा है कि जिले में अन्य बड़े कार्यक्रमों के चलते पुलिस बल की कमी भी इस हादसे की एक वजह हो सकती है।

हर साल शीतलाष्टमी के मौके पर इस मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। परंपरा के अनुसार इस दिन ठंडा भोजन माता को अर्पित किया जाता है, जिसके कारण मेले में भारी भीड़ उमड़ती है।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”








