
राष्ट्रीय प्रस्तावना नेटवर्क लखीमपुर खीरी : जनपद में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भोले-भाले लोगों को बहला-फुसलाकर उनके दस्तावेजों का दुरुपयोग कर जीएसटी धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में फर्जी दस्तावेज एवं उपकरण बरामद किए हैं पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक साइबर थाना के नेतृत्व में यह कार्रवाई 30 मार्च 2026 को की गई।
गिरफ्तार अभियुक्तों में दीपक सिंह उर्फ भीमा (निवासी टिहुरकी, थाना रामनगर, बाराबंकी), अंकित द्विवेदी (निवासी बेहटा पकोड़ी, थाना तम्बौर, सीतापुर), धीरेन्द्र सिंह उर्फ कमल (निवासी गोरिया कलां, थाना कोतवाली देहात, सीतापुर) तथा राजू (निवासी मिर्जापुर, थाना ईसानगर, खीरी) शामिल हैं पुलिस ने इनके पास से 37 सिम कार्ड, 26 चेकबुक, 16 पैन कार्ड, 20 आधार कार्ड, 21 किरायानामा स्टाम्प, 3 रबर स्टाम्प, 5 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, एक पेन ड्राइव, एक डिजिटल सिग्नेचर डिवाइस, 19 चाबियां, 4 जीएसटी रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र, 4 उद्यम रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र, 3 पार्टनरशिप डीड स्टाम्प, एक रिटायरमेंट डीड, कई रजिस्टर व नोटबुक, पासपोर्ट साइज फोटो पाउच तथा 26,100 रुपये नकद बरामद किए हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी भोले-भाले गरीब लोगों को झांसे में लेकर उनके आधार व पैन कार्ड की प्रतियां, फोटो और सिम कार्ड प्राप्त कर फर्जी दस्तावेज तैयार करते थे और उनके नाम पर जीएसटी फर्म खोलकर धोखाधड़ी करते थे।गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर थाना साइबर क्राइम में मु0अ0सं0 08/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं एवं आईटी एक्ट की धारा 66C में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, अभियुक्तों के विरुद्ध जनपद के विभिन्न थानों में पूर्व से भी कई मामले दर्ज हैं, जिनकी विवेचना साइबर क्राइम थाना द्वारा की जा रही है इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक हेमंत कुमार राय, उपनिरीक्षक आशीष सहरावत, उपनिरीक्षक तनवीर अहमद, कांस्टेबल राहुल कुमार, मयंक वर्मा एवं वतन त्यागी की टीम का विशेष योगदान रहा।






