लखनऊ के देश भारती पब्लिक इंटर कॉलेज में अंबेडकर जयंती पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए। छात्रों और शिक्षकों ने बाबा साहब के विचारों को याद किया।
लखनऊ। राजाजीपुरम स्थित देश भारती पब्लिक इंटर कॉलेज में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में सांस्कृतिक एवं शैक्षिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 9 की छात्रा इलमा मेराज ने डॉ. अंबेडकर के जीवन, संघर्ष और उनके द्वारा दिए गए समानता, शिक्षा एवं अधिकारों के संदेश पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि बाबा साहब के सिद्धांत आज भी समाज को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
विद्यालय के प्रबंधक एवं राष्ट्रीय कवि वेद व्रत वाजपेयी ने अपने संबोधन में डॉ. अंबेडकर के विचारों को समाज के लिए पथप्रदर्शक बताते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा के माध्यम से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया।
उप प्रबंधक एवं कवि मनु व्रत वाजपेयी ने काव्यात्मक शैली में बाबा साहब के संघर्ष और योगदान को प्रस्तुत किया।
वहीं, प्रधानाचार्य एवं अभिनेता जय व्रत वाजपेयी ने विद्यार्थियों को अनुशासन, समर्पण और शिक्षा के महत्व को समझाते हुए डॉ. अंबेडकर के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।








