गंगा एक्सप्रेसवे उद्घाटन की तैयारियां तेज, उच्च अधिकारियों ने किया निरीक्षण

“29 अप्रैल को पीएम मोदी के कार्यक्रम से पहले सुरक्षा, यातायात और हेलीपैड स्थल का जायजा”

मल्लावां (हरदोई) | गंगा एक्सप्रेसवे के प्रस्तावित उद्घाटन को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। आगामी 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को देखते हुए रविवार को उच्च स्तरीय टीम ने मल्लावां क्षेत्र का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड निर्माण स्थल तथा आसपास के क्षेत्रों का जायजा लिया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई।

निरीक्षण टीम में यूपीडा के सीईओ दीपक कुमार, एडीजी ट्रैफिक सतीश गणेश , कमिश्नर विजय विश्वास पंत , आईजी किरण, जिलाधिकारी अनुनय झा तथा पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समय से पूरी की जाएं, ताकि कार्यक्रम का सफल आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।

इसके साथ ही 24 अप्रैल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे को लेकर भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री के बाबा सुनासीर नाथ शिव मंदिर में दर्शन कार्यक्रम को देखते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने साफ-सफाई, आवागमन व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इसके तहत जिले के 19 ब्लॉकों से आए सफाई कर्मियों द्वारा विशेष सफाई अभियान चलाया गया।

सुनासीर नाथ सेवा समिति के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अभय शंकर शुक्ला तथा मंदिर आचार्य पंडित रामगोविंद द्विवेदी ने बताया कि 24 अप्रैल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मंदिर आगमन प्रस्तावित है, जिसकी तैयारियां युद्ध स्तर पर की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button