जगदीशपुर CHC में अनियमितताओं के गंभीर आरोप, स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर उठे सवाल

दिव्यांग महिला प्रकरण, अनुपस्थिति के बावजूद वेतन भुगतान और 12 वर्षों से जमे अधिकारी का मामला गरमाया

Amethi Jagdishpur CHC में उपस्थिति, वेतन भुगतान, स्वास्थ्य सेवाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं में गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगे हैं। मामला डिप्टी CM तक पहुँचा, निष्पक्ष जांच की मांग तेज।

अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद स्थित जगदीशपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) एक बार फिर विवादों में है। स्वास्थ्य सेवाओं में कथित लापरवाही, उपस्थिति पंजिका में गड़बड़ी, वेतन भुगतान में अनियमितता और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। मामला अब उपमुख्यमंत्री तक पहुंच चुका है।

भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा से जुड़े सुरेश यज्ञ सैनी ने प्रमुख सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को विस्तृत शिकायत पत्र सौंपकर जांच की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ चिकित्सक और कर्मचारी नियमित ड्यूटी पर उपस्थित नहीं रहते, लेकिन उपस्थिति दर्ज कर वेतन आहरण किया जा रहा है।

शिकायत में डॉ. बृजेंद्र, डॉ. रजनी, डॉ. अजीत कुमार सिंह, डॉ. प्राची शुक्ला, दयाराम, अर्चना दीपांकर, एन.ए. खान और राजेश सहित अन्य स्टाफ के नामों का उल्लेख किया गया है। आरोप है कि रिकॉर्ड में हेरफेर, फर्जी हस्ताक्षर और बिना कार्य किए वेतन भुगतान जैसी अनियमितताएं हुई हैं।

इसके अलावा शिकायत में कहा गया है कि CHC की ब्लड स्टोरेज यूनिट लंबे समय से बंद है, RO सिस्टम खराब है और एक्स-रे सुविधा उपलब्ध न होने से मरीजों को बाहर भेजा जा रहा है। इससे आमजन को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

दिव्यांग महिला प्रकरण फिर चर्चा में

CHC से जुड़ा एक पुराना संवेदनशील मामला भी फिर सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में आरोप लगाया गया था कि अल्ट्रासाउंड जांच के दौरान एक दिव्यांग महिला को उचित सुविधा नहीं दी गई और व्हीलचेयर तक उपलब्ध नहीं कराई गई। प्रशासन ने पांच सदस्यीय जांच समिति बनाई थी, लेकिन अब तक रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं हुई है।

12 वर्षों से जमे अधिकारी पर सवाल

शिकायत में यह भी मुद्दा उठाया गया है कि एक चिकित्साधिकारी करीब 12 वर्षों से एक ही स्थान पर तैनात हैं। जानकारी के अनुसार डॉ. संजय कुमार वर्ष 2012 से लगातार यहीं कार्यरत हैं और वर्तमान में अधीक्षक पद संभाल रहे हैं।

डिप्टी CM तक पहुँचा मामला

शिकायतकर्ता ने उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी। बताया जा रहा है कि निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। अब लोगों की नजर प्रशासनिक जांच पर टिकी है।

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button