रथिंद्र बोस होंगे बंगाल विधानसभा के नए स्पीकर, CM सुवेंदु अधिकारी बने प्रस्तावक

भाजपा ने पहली बार विधायक बने नेता को बनाया उम्मीदवार, CM सुवेंदु अधिकारी बने प्रस्तावक

पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा फैसला सामने आया है। भाजपा ने कूचबिहार दक्षिण से विधायक रथिंद्र बोस को विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार बनाया है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की मौजूदगी में उन्होंने नामांकन दाखिल किया। सुवेंदु अधिकारी खुद उनके पहले प्रस्तावक बने।

कोलकाता। रथिंद्र बोस पश्चिम बंगाल विधानसभा के नए अध्यक्ष (स्पीकर) होंगे। सत्तारूढ़ भाजपा ने गुरुवार को स्पीकर पद के लिए उनके नाम की आधिकारिक घोषणा कर दी। रथिंद्र बोस उत्तर बंगाल की कूचबिहार दक्षिण विधानसभा सीट से पहली बार विधायक निर्वाचित हुए हैं।

स्पीकर पद के लिए रथिंद्र बोस ने गुरुवार को विधानसभा में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी भी मौजूद रहे। खास बात यह रही कि बोस के नामांकन में पहले प्रस्तावक खुद मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी बने। वहीं, दूसरे प्रस्तावक वरिष्ठ भाजपा विधायक दीपक बर्मन रहे।

पहली बार विधायक बने रथिंद्र बोस

रथिंद्र बोस पहली बार विधानसभा पहुंचे हैं, लेकिन पार्टी नेतृत्व ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए स्पीकर पद के लिए आगे किया है। भाजपा सूत्रों के मुताबिक, संगठन और सदन में संतुलित कार्यशैली को देखते हुए पार्टी ने उनके नाम पर सहमति बनाई।

विधानसभा सत्र में होगा औपचारिक चुनाव

नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब विधानसभा सत्र के दौरान स्पीकर पद के लिए औपचारिक चुनाव कराया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष के रूप में चुने जाने के बाद रथिंद्र बोस सदन की कार्यवाही का संचालन करेंगे।

पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनने के बाद विधानसभा के प्रमुख संवैधानिक पदों पर नियुक्तियों को लेकर लगातार राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। ऐसे में स्पीकर पद के लिए रथिंद्र बोस का नाम सामने आना राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है।

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button