“Tiffany Trump Taj Mahal Visit: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप ने पति माइकल बुलोस के साथ आगरा में ताजमहल का दीदार किया। ताज की खूबसूरती देखकर उन्होंने ‘वाह ताज’ कहा और इसके इतिहास, पच्चीकारी व निर्माण से जुड़े सवाल पूछे।“
आगरा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप शनिवार को अपने पति माइकल बुलोस के साथ विश्व प्रसिद्ध ताजमहल का दीदार करने पहुंचीं। आगरा पहुंचते ही उन्होंने कार्यक्रम में बदलाव करते हुए पहले होटल जाने के बजाय सीधे ताजमहल का रुख किया। रॉयल गेट से ताजमहल की पहली झलक देखते ही उनके मुंह से निकला, “वाह ताज… अमेजिंग”, जिसके बाद उन्होंने स्मारक की भव्यता और स्थापत्य कला की जमकर सराहना की।

कड़ी सुरक्षा के बीच हुआ दौरा
टिफनी ट्रंप शनिवार सुबह विशेष चार्टर्ड विमान से आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पहुंचीं। उनके आगमन को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक इंतजाम किए थे। एयरपोर्ट से काफिला सीधे ताजमहल के पूर्वी गेट पहुंचा, जहां पहले से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया था। सुरक्षा कारणों से उनके कार्यक्रम को काफी हद तक गोपनीय रखा गया था।

नारंगी ड्रेस में नजर आईं टिफनी, पर्यटकों का आकर्षण बनीं
ताजमहल पहुंचीं टिफनी ट्रंप नारंगी रंग की लंबी ड्रेस में नजर आईं, जबकि माइकल बुलोस टी-शर्ट और ट्राउजर में दिखाई दिए। दोनों ने धूप का चश्मा पहन रखा था। जैसे ही वे ताजमहल परिसर में दाखिल हुए, पर्यटकों और सुरक्षा कर्मियों का ध्यान उनकी ओर गया। दोनों पूरे समय उत्साहित और प्रसन्न दिखाई दिए।

इतिहास और स्थापत्य को लेकर पूछे कई सवाल
ताजमहल भ्रमण के दौरान टूरिस्ट गाइड रमेश धवन ने उन्हें स्मारक के इतिहास की जानकारी दी। टिफनी ट्रंप और माइकल बुलोस ने मुगल बादशाह शाहजहां और मुमताज महल की प्रेम कहानी, ताजमहल के निर्माण, इसमें लगे कीमती पत्थरों, पच्चीकारी कला और निर्माण प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी ली।

उन्होंने यह भी पूछा कि ताजमहल के निर्माण में कितने कारीगरों ने काम किया था और क्या वास्तव में निर्माण के बाद मजदूरों के हाथ काट दिए गए थे। इसके अलावा उन्होंने चांदनी रात में ताजमहल की चमक और उसमें इस्तेमाल की गई कलाकृतियों के बारे में भी जिज्ञासा दिखाई।
डायना बेंच पर कराई फोटोशूट
ताजमहल परिसर में दोनों ने विभिन्न स्थानों पर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई। रॉयल गेट से लेकर सेंट्रल टैंक तक उन्होंने कई तस्वीरें खिंचवाईं। डायना बेंच पर बैठकर दोनों ने एक-दूसरे का हाथ थामे हुए तस्वीरें खिंचवाईं। इसके अलावा अपने स्टाफ के साथ भी समूह फोटो कराए।

हाथ जोड़कर किया अभिवादन
ताजमहल भ्रमण के दौरान टिफनी ट्रंप ने कई बार हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन किया और धन्यवाद भी दिया। उनके व्यवहार और सरलता ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
होटल से भी दिखता है ताजमहल का नजारा
ताजमहल का भ्रमण पूरा करने के बाद टिफनी ट्रंप और माइकल बुलोस स्मारक के निकट स्थित होटल पहुंचे। बताया गया कि जिस कमरे में उनकी ठहरने की व्यवस्था की गई है, वहां से भी ताजमहल का शानदार दृश्य दिखाई देता है।

जैसलमेर जाने का कार्यक्रम
सूत्रों के अनुसार टिफनी ट्रंप का आगरा में एक रात रुकने का कार्यक्रम है। इसके बाद वह रविवार को राजस्थान के जैसलमेर के लिए रवाना हो सकती हैं। हालांकि सुरक्षा कारणों से उनके आगे के कार्यक्रम को सार्वजनिक नहीं किया गया है।

छह साल पहले ट्रंप परिवार भी पहुंचा था आगरा
गौरतलब है कि फरवरी 2020 में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी पत्नी मेलानिया ट्रंप, बेटी इवांका ट्रंप और दामाद के साथ ताजमहल देखने आगरा आए थे। उस दौरान उन्होंने करीब 45 मिनट तक ताजमहल का भ्रमण किया था और इसकी वास्तुकला तथा इतिहास की सराहना की थी।

हाल ही में मार्को रुबियो ने भी किया था ताज का दीदार
इससे पहले 25 मई 2026 को अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी अपनी पत्नी और प्रतिनिधिमंडल के साथ ताजमहल का भ्रमण किया था। लगातार अमेरिकी शीर्ष नेतृत्व और उनके परिजनों की ताजमहल यात्रा यह दर्शाती है कि दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित स्मारकों में शामिल ताजमहल विदेशी मेहमानों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”









