यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह पर भारतीयों से भरा जहाज हुआ क्षतिग्रस्त, 2 सुरक्षित; 2 की तलाश जारी

यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह पर भारतीय नागरिकों से सवार एक मालवाहक जहाज एमवी एजीएन रैगनर को निशाना बनाया गया। जहाज पर मौजूद चार भारतीयों में से दो सुरक्षित हैं, जबकि दो अन्य की जानकारी का इंतजार है।

लंदन/कीव। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच यूक्रेन के प्रमुख ब्लैक सी पोर्ट ओडेसा में एक बड़ा हादसा सामने आया है। ओडेसा बंदरगाह पर MV AGN Ragnar नाम के मर्चेंट जहाज को निशाना बनाया गया, जिसमें चार भारतीय नागरिक सवार थे। भारतीय दूतावास ने जानकारी दी है कि जहाज पर मौजूद चार भारतीयों में से दो सुरक्षित हैं, जबकि अन्य दो भारतीयों की स्थिति का अभी इंतजार किया जा रहा है।

भारतीय दूतावास, कीव ने रविवार को जारी बयान में बताया कि वह इस घटना पर लगातार नजर बनाए हुए है और यूक्रेनी अधिकारियों के संपर्क में है।

दूतावास ने कहा, “ओडेसा पोर्ट पर 25 जुलाई को MV AGN Ragnar से जुड़ी घटना के बाद भारतीय दूतावास स्थिति की बारीकी से निगरानी कर रहा है। जहाज पर चार भारतीय नागरिक मौजूद थे। नवीनतम जानकारी के अनुसार दो भारतीय सुरक्षित हैं और अन्य दो के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।”

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

घटना के बाद जहाज से जुड़े लोगों की तलाश के लिए सर्च और रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। भारतीय दूतावास ने कहा है कि वह संबंधित एजेंसियों के संपर्क में है और भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव सहायता उपलब्ध करा रहा है।

हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जहाज पर हमला किस माध्यम से हुआ और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है। जहाज के कुल चालक दल की संख्या और भारतीय नागरिकों की भूमिका से जुड़ी विस्तृत जानकारी भी सामने नहीं आई है।

रूस-यूक्रेन युद्ध में लगातार निशाने पर ओडेसा पोर्ट

ओडेसा यूक्रेन का सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार केंद्र है। रूस द्वारा फरवरी 2022 में यूक्रेन पर हमला शुरू किए जाने के बाद से यह बंदरगाह कई बार मिसाइल और ड्रोन हमलों का निशाना बन चुका है।

ब्लैक सी क्षेत्र में व्यापारिक जहाजों की आवाजाही को सुरक्षित रखने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन युद्ध के कारण समुद्री परिवहन लगातार जोखिम में बना हुआ है।

भारत ने नागरिकों को जारी की है एडवाइजरी

रूस-यूक्रेन संघर्ष शुरू होने के बाद भारत सरकार लगातार अपने नागरिकों को यूक्रेन की यात्रा से बचने की सलाह देती रही है। वहीं, यूक्रेन में मौजूद भारतीय नागरिकों को दूतावास की ओर से लगातार कांसुलर सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

फिलहाल सभी की नजरें रेस्क्यू ऑपरेशन और लापता भारतीय नागरिकों की स्थिति पर बनी हुई हैं।

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button