
Greater Noida Electronics Chip Factory Fire: ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-3 स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स चिप फैक्ट्री में भीषण आग के दौरान दीवार और आयरन बीम गिरने से दो फायरकर्मियों की मौत हो गई जबकि तीन घायल हैं। जानिए पूरा घटनाक्रम, जांच और प्रशासन की कार्रवाई।
ग्रेटर नोएडा इलेक्ट्रॉनिक्स चिप फैक्ट्री में लगी भीषण आग के दौरान बड़ा हादसा सामने आया है। गौतमबुद्ध नगर जिले के इकोटेक-3 थाना क्षेत्र स्थित ILGIM इलेक्ट्रॉनिक्स चिप निर्माण कंपनी में सोमवार देर रात आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर विभाग, पुलिस और अन्य राहत एजेंसियों की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इसी दौरान राहत एवं बचाव अभियान चलाते समय फैक्ट्री की एक साइड वॉल और भारी आयरन बीम अचानक ढह गई, जिसकी चपेट में पांच फायर सेवा कर्मी आ गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां फायरमैन रोहित यादव और चीफ कॉन्स्टेबल ड्राइवर तीरथपाल सिंह ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
तीन फायरकर्मियों का इलाज जारीहादसे में घायल राजपाल सिंह, मनीष कुमार और अमित कुमार का अस्पताल में उपचार चल रहा है। अधिकारियों के अनुसार तीनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई गई है।
SDRF और पुलिस ने संभाला मोर्चाहादसे के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, SDRF और फायर विभाग की अतिरिक्त टीमें मौके पर पहुंचीं। पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर मलबे की जांच शुरू कर दी गई है। फैक्ट्री की संरचनात्मक मजबूती का भी परीक्षण कराया जा रहा है।
आग लगने के कारणों की होगी विस्तृत जांचमुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं। साथ ही यह भी जांच होगी कि राहत कार्य के दौरान दीवार और आयरन बीम कैसे गिरी।
विशेषज्ञों का मानना है कि इलेक्ट्रॉनिक्स चिप निर्माण इकाइयों में बड़ी मात्रा में संवेदनशील रसायन और विद्युत उपकरण मौजूद होते हैं। ऐसे में औद्योगिक सुरक्षा मानकों का पालन अत्यंत आवश्यक है। जांच रिपोर्ट के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।









