उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के दरियाबाद क्षेत्र में पुरानी दीवार गिरने से खेल रहे भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हैं। जानिए हादसे की पूरी जानकारी।
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में पुरानी पक्की दीवार गिरने से खेल रहे एक ही परिवार के पांच बच्चे मलबे में दब गए। हादसे में सगे भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया।
यह हादसा दरियाबाद थाना क्षेत्र के गुलचप्पा कला गांव में हुआ। जानकारी के अनुसार, मोहम्मद मुस्लिम की सात वर्षीय बेटी उजैफा, 14 वर्षीय हाजरा बानो, सलमान का आठ वर्षीय बेटा हस्सान, चार वर्षीय हानियां और अब्दुल मन्नान का 14 वर्षीय बेटा अदनान घर के पास खेल रहे थे। इसी दौरान रास्ते के किनारे खड़ी एक जर्जर पक्की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई और सभी बच्चे उसकी चपेट में आ गए।
चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने मलबा हटाकर बच्चों को बाहर निकाला। उजैफा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल हाजरा बानो ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। तीन अन्य घायल बच्चों का अस्पताल में इलाज जारी है।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोतवाल धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि हादसे में एक बच्चे की मौके पर और दूसरी बच्ची की अस्पताल में मौत हुई है। दोनों मृतक सगे भाई-बहन हैं। शेष तीन घायल बच्चों का उपचार चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।









