
“प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर भाजपा उत्तर प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। इस दौरान 1.77 लाख बूथों पर लाभार्थियों के घरों में दीये जलाए जाएंगे और 13 कार्यक्रम आयोजित होंगे।“
लखनऊ : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में एक माह तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर से होगी और 17 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से इसे प्रदेशभर में संचालित किया जाएगा। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से प्रदेश के सभी 1.77 लाख बूथों पर लाभार्थियों के घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा।
अभियान की रूपरेखा सोमवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित प्रदेश कार्यशाला में प्रस्तुत की गई। पार्टी की ओर से पूरे प्रदेश में कुल 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यशाला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
योजनाओं से आए बदलाव की कहानियां घर-घर पहुंचाएं : योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों और केंद्र सरकार की योजनाओं से समाज के विभिन्न वर्गों के जीवन में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि हर शक्ति केंद्र, बूथ और क्षेत्र में सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफल कहानियां मौजूद हैं। कार्यकर्ताओं को इन वास्तविक कहानियों को जनता तक पहुंचाना चाहिए।
योगी ने विशेष रूप से युवाओं के बीच जाकर संवाद करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को बताया जाना चाहिए कि वर्ष 2014 से पहले देश की स्थिति क्या थी और वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश किन परिस्थितियों से गुजर रहा था। इसके साथ ही वर्तमान समय में हुए बदलावों और विकास कार्यों की जानकारी भी जनता के बीच रखी जानी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने अयोध्या के एक लाभार्थी का उदाहरण देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना से मिले करीब ढाई लाख रुपये से उसने अपना घर बनाया। इसके बाद मकान निर्माण के लिए पहले से बचाए गए करीब एक लाख रुपये से ई-रिक्शा खरीद लिया। योगी ने कहा कि ऐसी कहानियां सरकारी योजनाओं के वास्तविक प्रभाव को बताती हैं।
13 कार्यक्रमों के जरिए पूरे प्रदेश में पहुंच बनाएगी भाजपा
राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से एक माह तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के सभी कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री के प्रति देश की कृतज्ञता और उनके नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है।
अभियान के तहत ‘सपनों का भारत’ कार्यक्रम में विद्यालयों में विकसित भारत के संकल्प को लेकर भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं, ‘नमो सेवा गाथा’ कार्यक्रम के तहत दो अक्टूबर को प्रमुख स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से प्रधानमंत्री के कार्यों और योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के जरिए पोषण का संदेश
‘आंगन का उत्सव’ कार्यक्रम के तहत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को महिलाओं और परिवारों के बीच पोषण से संबंधित जानकारी पहुंचाने की जिम्मेदारी दी जाएगी। पार्टी का उद्देश्य इन कार्यक्रमों के माध्यम से सरकारी योजनाओं और सामाजिक सरोकारों को स्थानीय स्तर तक पहुंचाना है।
इसके अलावा ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के तहत देश के 50 चयनित स्थानों पर इंफ्लुएंसर्स को ले जाकर वहां की गतिविधियों और योजनाओं की जानकारी व्यापक स्तर पर साझा की जाएगी।
सात अक्टूबर को गांव-गांव निकलेगी छोटी यात्रा
सेवा संकल्प अभियान के तहत सात अक्टूबर को प्रदेश के हर गांव में अलग-अलग दिशाओं से छोटी यात्राएं निकाली जाएंगी। इसके साथ ही वडनगर, गुजरात से काशी के बीच ढाई सौ बाइक सवारों की ओर से दस अलग-अलग मार्गों से पवित्र जल के आदान-प्रदान का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।
हर विधानसभा क्षेत्र और ब्लॉक स्तर पर ‘सेवा सेतु शिविर’ लगाए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुनकर उनके निस्तारण का प्रयास किया जाएगा। पार्टी का लक्ष्य अभियान के जरिए केवल जनसंपर्क ही नहीं, बल्कि सेवा गतिविधियों को भी बढ़ावा देना है।
एक दिन में दिखेगी ‘रंगोली राष्ट्र’ की तस्वीर
अभियान में ‘रंगोली राष्ट्र’ कार्यक्रम भी शामिल है। इसके तहत एक ही दिन प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यों और उपलब्धियों को चित्रकलाओं के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। इसी क्रम में 108 मीटर व्यास का ‘भारत मंडल’ भी तैयार किया जाएगा।
‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ के तहत महाराष्ट्र, गुजरात, बेंगलुरु, दिल्ली और कोलकाता में पांच क्षेत्रीय केंद्रों पर युवाओं के लिए प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य युवाओं को नवाचार और विकसित भारत की अवधारणा से जोड़ना है।
17 अक्टूबर को होगा जनसेवक महाकुंभ
सेवा संकल्प अभियान का अंतिम कार्यक्रम ‘जनसेवक महाकुंभ’ होगा। 17 अक्टूबर को दिल्ली, गुरुग्राम, गाजियाबाद, सूरजकुंड और वाराणसी में देशभर से करीब सवा लाख जनप्रतिनिधियों के पहुंचने की योजना है। इस दौरान वंदेमातरम के सभी छह छंदों का सामूहिक गान किया जाएगा।
लाभार्थियों की वास्तविक कहानियां जनता तक पहुंचाएं : पंकज चौधरी
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की वास्तविक जीवन-कहानियों को जनता तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों के अनुभवों के माध्यम से सरकार की योजनाओं का प्रभाव अधिक प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाया जा सकता है।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि नरेन्द्र मोदी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री दोनों भूमिकाओं में अद्वितीय कार्य किए हैं। वहीं, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रधानमंत्री के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन को अदम्य संकल्प, कठोर परिश्रम और दूरदर्शी नेतृत्व का अप्रतिम उदाहरण बताया।
अधिकतम पहुंच और सहभागिता पर जोर
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि एक माह तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान में पार्टी का लक्ष्य अधिकतम लोगों तक पहुंच बनाना, व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करना और सभी कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन है। कार्यशाला में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ क्षेत्रीय अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष और जिला प्रभारियों ने भी हिस्सा लिया।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”








