सोनिया गांधी की इंस्टाग्राम पर एंट्री, पहली पोस्ट में दिखाई किताब ‘बिलॉन्गिंग’ की झलक

  • 79 साल की उम्र में सोनिया गांधी की इंस्टाग्राम पर एंट्री, पहली पोस्ट में अपनी नई किताब की दिखाई झलक; जानें क्या है खास

नई दिल्ली। कांग्रेस संसदीय दल (CPP) की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपनी शुरुआत की। उन्होंने अपने आधिकारिक अकाउंट से पहला वीडियो साझा किया, जिसमें उनकी आगामी किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ (Belonging: A Journey of Love) की पहली झलक देखने को मिली।

पहली इंस्टाग्राम पोस्ट में सोनिया गांधी ने क्या लिखा?

अपनी पहली पोस्ट में सोनिया गांधी ने खुशी जाहिर करते हुए लिखा कि वह इस खास पल को अपने फॉलोअर्स के साथ साझा करके बेहद प्रसन्न हैं। उन्होंने अपनी किताब की पहली झलक पेश करते हुए सभी का आभार जताया।

https://www.instagram.com/reel/DeyJ8QEt3wI/?utm_source=ig_web_button_share_sheet

वीडियो में सोनिया गांधी किताब के पन्ने पलटती नजर आती हैं। इसी दौरान एक पन्ने पर प्रियंका गांधी की तस्वीरें दिखाई देती हैं, जिन्हें देखकर सोनिया गांधी कहती हैं, “बहुत सारी तस्वीरें हैं, प्रियंका।”

क्या खास है सोनिया गांधी की किताब में?

सोनिया गांधी ने अपनी पोस्ट में किताब को प्यार, कर्तव्य, जीवन में हुए नुकसान और अपनापन तलाशने की कहानी बताया। यह संस्मरण उनके निजी जीवन और भारत से जुड़ाव के सफर को सामने लाएगा।

किताब में इटली में बीते उनके बचपन, इंग्लैंड के कैम्ब्रिज में राजीव गांधी से मुलाकात और उनके साथ बने रिश्ते का जिक्र है। इसके अलावा, उनकी सास एवं पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और पति राजीव गांधी को खोने के अनुभवों तथा भारत के साथ उनके गहरे रिश्ते पर भी प्रकाश डाला गया है।

सोनिया गांधी कांग्रेस की वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं और पार्टी की सबसे लंबे समय तक अध्यक्ष रहने का रिकॉर्ड भी उनके नाम है। इंस्टाग्राम पर उन्होंने कांग्रेस, प्रियंका गांधी और राहुल गांधी के आधिकारिक अकाउंट को फॉलो किया है।

कब प्रकाशित होगी ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’?

प्रकाशक अल्फ्रेड ए. नॉफ ने घोषणा की थी कि सोनिया गांधी की यह किताब 10 नवंबर को प्रकाशित होगी। यह प्रकाशन नॉफ डबलडे पब्लिशिंग ग्रुप का हिस्सा है, जो पेंगुइन रैंडम हाउस से जुड़ा है।

इटली में जन्मीं सोनिया गांधी की मुलाकात राजीव गांधी से 1965 में कैम्ब्रिज में हुई थी। उस समय वह 19 वर्ष की थीं। दोनों ने 25 फरवरी 1968 को विवाह किया था।

राहुल गांधी ने मां की किताब पर क्या कहा?

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी अपनी मां की किताब को लेकर खुशी और गर्व व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि सोनिया गांधी की कहानी उन लाखों लोगों तक पहुंचेगी, जो उनसे प्यार करते हैं।

राहुल गांधी ने यह भी कहा कि सोनिया गांधी स्वभाव से निजी जीवन को लेकर काफी संकोची रही हैं, इसलिए अपनी जिंदगी की कहानी दुनिया के सामने रखना उनके लिए आसान नहीं रहा होगा। उन्होंने अपने पिता राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर भावुक संदेश साझा करते हुए विश्वास जताया कि उनके पिता भी सोनिया गांधी की इस उपलब्धि पर गर्व महसूस करते।

Back to top button