पैरा एशियन गेम्स में भारत का जलवा: 21 गोल्ड समेत 86 पदक, सोलाईराज ने बनाया एशियन रिकॉर्ड; भाविककुमार से छिना सिल्वर मेडल

: भारत के खाते में 21 स्वर्ण समेत कुल 86 पदक, सोलाईराज धर्मराज ने 7.15 मीटर की छलांग लगाकर बनाया नया एशियन रिकॉर्ड

  • पैरा एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

Asian Para Games : पैरा एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। भारत ने अब तक 21 स्वर्ण पदक सहित कुल 86 पदक अपने नाम कर लिए हैं। सोलाईराज धर्मराज ने पुरुष लॉन्ग जंप में स्वर्ण पदक जीतने के साथ नया एशियन रिकॉर्ड बनाया। वहीं, दिलीप गावित ने पुरुष 400 मीटर टी46 वर्ग में गोल्ड मेडल जीता। भारतीय खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स और तैराकी में भी पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया।

सोलाईराज धर्मराज ने स्वर्ण के साथ बनाया एशियन रिकॉर्ड

भारत के सोलाईराज धर्मराज ने पुरुष लॉन्ग जंप टी44/टी62/टी64 वर्ग में 7.15 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता। उनका यह प्रदर्शन नया एशियन रिकॉर्ड भी बना। धर्मराज ने दूसरे प्रयास में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।

दिलीप गावित ने 400 मीटर में जीता गोल्ड

दिलीप गावित ने पुरुष 400 मीटर टी46 वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने 48.27 सेकेंड में रेस पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। भाविककुमार भारवाड ने 49.31 सेकेंड के समय के साथ दूसरा स्थान हासिल किया था, जबकि जापान के काकेरु इशिदा 49.58 सेकेंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

हालांकि, प्रतियोगिता के अपडेटेड नतीजों में भाविककुमार भारवाड को सेकेंड लेन के उल्लंघन के कारण अयोग्य घोषित कर दिया गया, जिससे उनका रजत पदक छिन गया।

वलासानी रवानी ने 400 मीटर में जीता कांस्य

भारत की वलासानी रवानी ने महिला 400 मीटर टी11 स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। उन्होंने 1 मिनट 3.64 सेकेंड का समय निकालकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। चीन की ही शांगशान ने 1:00.07 मिनट के साथ स्वर्ण और थाईलैंड की सुनीपोर्न तानोमवोंग ने 1:00.19 मिनट के समय के साथ रजत पदक जीता।

तैराकी में तेजस और रवि ने दिलाए कांस्य पदक

भारतीय तैराक तेजस नंदकुमार ने पुरुष 100 मीटर एस7 स्पर्धा में 1 मिनट 18.58 सेकेंड का समय लेकर कांस्य पदक जीता। चीन के जिंगसोंग रुआन ने 1:12.16 मिनट के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जो प्रतियोगिता का नया रिकॉर्ड भी बना। सिंगापुर के वेई सोंग तोह ने 1:16.09 मिनट के साथ रजत पदक हासिल किया।

वहीं, रवि कार्तिक बुडिगिना ने पुरुष 50 मीटर फ्रीस्टाइल एस13 वर्ग में 25.89 सेकेंड का समय लेकर कांस्य पदक अपने नाम किया। उज्बेकिस्तान के इगोर बोलोतोव ने 24.39 सेकेंड के साथ स्वर्ण और इंडोनेशिया के याविआंदा रिफ्की मौलाना ने 25.51 सेकेंड के साथ रजत पदक जीता।

भारतीय खिलाड़ियों के इन शानदार प्रदर्शनों से देश के पदक खाते में लगातार इजाफा हुआ है। हालांकि, भाविककुमार भारवाड की अयोग्यता के कारण भारत को एक रजत पदक गंवाना पड़ा।

Back to top button