हिमाचल: सेना की वर्दी पहनकर खुद को अधिकारी बता रहा था 31 वर्षीय युवक, होटल में करता था काम

सोलन: हिमाचल प्रदेश के कसौली में भारतीय सेना की कथित फर्जी वर्दी पहनकर घूमने और खुद को सैन्य अधिकारी बताने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी एक निजी रिजॉर्ट में काम करता था। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 168 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक, 23 अक्टूबर को मिलिट्री इंटेलिजेंस और स्टेट सीआईडी से सूचना मिली थी कि कोट गांव में एक व्यक्ति सेना की वर्दी पहनकर खुद को थल सेना का अधिकारी बता रहा है। उसकी वर्दी पर सेना का बैज भी लगा हुआ था। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

पूछताछ में नहीं दे पाया संतोषजनक जवाब

जांच के दौरान आरोपी की पहचान अर्पण कटोच निवासी गांव टिकरी, डाकघर डुहकी, तहसील बैजनाथ, जिला कांगड़ा के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, वह कोट पंचायत के एक निजी होटल में काम करता था और सुनारडी गांव में किराये के मकान में रह रहा था।

तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से सेना की कैंटीन से संबंधित एक कार्ड बरामद किया। कार्ड पर लगी वर्दी वाली तस्वीर आरोपी की ही थी और उस पर उसका नाम भी दर्ज था। पुलिस का कहना है कि आरोपी कार्ड और अपनी पहचान के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।

इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।

Back to top button