
पश्चिम बंगाल: पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले में 17 साल की छात्रा से रेप और हत्या के आरोपी की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। मृतक की पहचान 23 वर्षीय प्रह्लाद दास के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात आरोपी को गायघाटा इलाके में वारदात की जगह पर क्राइम सीन रीक्रिएट करने के लिए ले जाया गया था। इसी दौरान उसने कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी की सर्विस रिवॉल्वर छीनकर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी को गोली लगी।
पुलिस के अनुसार, गोली लगने के बाद आरोपी को चांदपाड़ा ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने हथियार कैसे छीना और किन परिस्थितियों में फायरिंग हुई, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, गोलीबारी के दौरान पुलिसकर्मियों ने पास की नहर में छिपकर अपनी सुरक्षा की। घटना में किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है।

तीन महीने में तीसरी ऐसी घटना
पश्चिम बंगाल में तीन महीने के भीतर यह तीसरी ऐसी घटना बताई जा रही है, जिसमें रेप और हत्या के आरोपी को क्राइम सीन रीक्रिएट करने के लिए ले जाने के दौरान पुलिस की बंदूक छीनने और फायरिंग करने का मामला सामने आया। इससे पहले जुलाई में दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर से भी ऐसी घटना की खबर आई थी।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक, गायघाटा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक घर के पीछे से 17 वर्षीय छात्रा का शव बरामद हुआ था। परिवार ने लड़की के साथ रेप और हत्या किए जाने का आरोप लगाया था। इसके बाद परिजनों ने प्रह्लाद दास के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। बताया गया कि आरोपी पीड़िता का रिश्तेदार था। पुलिस ने मामले की जांच के बाद उसे गिरफ्तार किया था।
पीड़िता की मां के अनुसार, वह शनिवार शाम अपनी बेटी को एक स्थानीय कार्यक्रम में लेकर गई थीं। वहां लड़की अपने दोस्तों के साथ घूम रही थी। कुछ समय बाद वह लापता हो गई। अगले दिन उसका शव मिलने के बाद परिवार ने पुलिस से शिकायत की।
इलाके में पुलिस तैनात, परिजनों ने जताई नाराजगी
मुठभेड़ की खबर मिलने के बाद आरोपी के परिजन अस्पताल पहुंचे और घटना को लेकर नाराजगी जताई। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।









