सोने की ज्वैलरी में मिलावट का खतरा, खरीदारी से पहले इन बातों का रखें ध्यान

सोने की कीमत और मांग के बीच बाजार में मिलावट को लेकर चिंता बढ़ गई है। खबरों के मुताबिक, कुछ मामलों में सोने का वजन बढ़ाने के लिए उसमें रेनियम और इरिडियम जैसी दूसरी धातुएं मिलाई जा सकती हैं। इससे ग्राहकों को सोने के असली वजन और शुद्धता की सही जानकारी नहीं मिल पाती और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

GJC ने BIS को किया आगाह

आभूषण उद्योग से जुड़े संगठन ऑल इंडिया जेम एंड ज्वैलरी डोमेस्टिक काउंसिल (GJC) ने इस मामले को लेकर भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) को सतर्क किया है। संगठन के चेयरमैन राजेश रोकड़े ने कहा कि सोने में दूसरी धातुओं की मिलावट से जुड़ी खबरों को गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने ग्राहकों और कारोबारियों से अपील की कि वे घबराएं नहीं, बल्कि सावधानी बरतें।

मिलावट मिलने पर कहां करें शिकायत?

राजेश रोकड़े ने कहा कि अगर किसी ग्राहक या कारोबारी को सोने में मिलावट अथवा धोखाधड़ी का मामला सामने आता है, तो वह GJC या सीधे BIS में शिकायत दर्ज करा सकता है। उन्होंने ज्वैलरी कारोबारियों को भी सलाह दी कि वे निर्माताओं, थोक विक्रेताओं और आपूर्तिकर्ताओं से खरीदे गए सोने की गुणवत्ता की अच्छी तरह जांच करें।

खरीदारी करते समय इन बातों का रखें ध्यान

GJC ने ग्राहकों को सलाह दी है कि वे कम मेकिंग चार्ज के लालच में आकर जल्दबाजी में खरीदारी न करें। हमेशा भरोसेमंद दुकानदार से ही सोने के आभूषण खरीदें। साथ ही, BIS Care ऐप के जरिए हॉलमार्क की जानकारी की पुष्टि करें और खरीदारी के बाद GST वाला पक्का बिल जरूर लें।

सामान्य जांच में पकड़ना मुश्किल

ऑल इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय प्रवक्ता और मुंबई जावेरी बाजार ज्वेलर्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष कुमार जैन के मुताबिक, चीन से आयात होने वाले रेनियम पाउडर को सोना पिघलाते समय उसमें मिलाया जा सकता है। इससे सोने का वजन बढ़ जाता है। उनका कहना है कि सामान्य जांच के दौरान इस तरह की मिलावट का पता लगाना मुश्किल हो सकता है।

ऐसे में सोने की ज्वैलरी खरीदते समय केवल उसकी कीमत और चमक पर भरोसा करना पर्याप्त नहीं है। हॉलमार्क की जांच, भरोसेमंद विक्रेता और पक्का बिल ग्राहकों के लिए बेहद जरूरी हैं।

Back to top button