यूपी में प्रशासनिक फेरबदल: 9 आईएएस अधिकारियों के तबादले, कई को अतिरिक्त प्रभार

एम. देवराज को प्रशासनिक अकादमी की जिम्मेदारी, अनुराग यादव समाज कल्याण विभाग में भेजे गए

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क लखनऊ : उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए नौ आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस बदलाव में कई वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं।

सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, एम. देवराज को प्रमुख सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग के साथ-साथ उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी के महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

प्रमुख सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के पद पर तैनात अनुराग यादव को अब समाज कल्याण एवं सैनिक कल्याण विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है। वहीं, आलोक कुमार-।।। को प्रमुख सचिव नियोजन एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन विभाग के साथ आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वह वन ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी और जीरो पावर्टी उत्तर प्रदेश अभियान के नोडल अधिकारी भी बने रहेंगे।

सौरभ बाबू को ग्राम्य विकास एवं ग्रामीण अभियंत्रण सेवा विभाग के साथ दीनदयाल उपाध्याय राज्य ग्राम्य विकास संस्थान के महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

रवि रंजन को यू.पी. इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन और यू.पी. एग्रो के प्रबंध निदेशक पद के साथ चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में विशेष सचिव की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।

टी.के. शिबु को कृषि उत्पादन आयुक्त शाखा में विशेष सचिव के साथ यू.पी. एग्रो के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

इसके अलावा, हिमांशु कौशिक को यू.पी. इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। सौम्या गुरूरानी को प्रतीक्षारत रखा गया है।

डा. बिपिन कुमार मिश्र, जो अभी तक नगर निगम शाहजहांपुर में नगर आयुक्त थे, उन्हें उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम में अपर प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।

सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल को शासन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button