गोला डिपो में भ्रष्टाचार के आरोप, कर्मचारियों ने एआरएम को सौंपा ज्ञापन

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क कुकरा खीरी : जिले के छोटी काशी गोला स्थित रोडवेज डिपो इन दिनों कर्मचारियों के विरोध के चलते चर्चा का विषय बना हुआ है। डिपो के कर्मचारियों ने भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए एआरएम कार्यालय को ज्ञापन सौंपा है।

कर्मचारियों का कहना है कि डिपो में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहुंच चुका है और लगातार बढ़ती अनियमितताओं के चलते कर्मचारियों की समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। साथ ही, कर्मचारी संघ के प्रति पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का भी आरोप लगाया गया है। कर्मचारियों के अनुसार, डिपो में आयोजित बैठकों में संगठन को न तो सूचना दी जाती है और न ही वार्ता के लिए आमंत्रित किया जाता है। इन समस्याओं से आक्रोशित उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी संघ द्वारा पत्रांक संख्या 026 दिनांक 28 मार्च 2026 के माध्यम से 1 अप्रैल 2026 को धरना-प्रदर्शन की सूचना दी गई थी। हालांकि एआरएम कार्यालय के आग्रह पर प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन की तिथि को फिलहाल आगे बढ़ा दिया गया है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो 9 अप्रैल 2026 को डिपो कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। संघ ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की औद्योगिक अशांति के लिए डिपो प्रशासन और निगम प्रबंधन जिम्मेदार होंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी संघ के अध्यक्ष कृष्ण कुमार पांडेय, शाखा मंत्री राजेश कुमार शर्मा, कार्यशाला अध्यक्ष इकबाल हुसैन, अभिषेक शर्मा उर्फ लंकेश, संरक्षक अश्वनी कुमार, मो. इकबाल, कार्यशाला उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button