
राष्ट्रीय प्रस्तावना नेटवर्क लखीमपुर खीरी : विकास खंड बांकेगंज के पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय, लक्ष्मीपुर में सोमवार को वार्षिकोत्सव एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शैक्षिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिससे विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें देशभक्ति गीत, समूह नृत्य, नाटक और कविताएं शामिल रहीं। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, वहीं दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया। समारोह के दौरान विभिन्न कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को ट्रॉफी, प्रमाणपत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही पुस्तक वितरण कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को शैक्षिक सामग्री भी वितरित की गई। मुख्य अतिथि खंड विकास अधिकारी श्रवणकांत अहिरवार ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ उनकी छिपी प्रतिभा को निखारने का मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने छात्रों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियां भी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक विपिन कुमार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में अभिभावकों एवं क्षेत्रीय लोगों की अच्छी-खासी उपस्थिति रही। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन एवं व्यवस्था बनाए रखने में विद्यालय के शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया तथा सभी के प्रति आभार व्यक्त किया गया इस अवसर पर प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष आशुतोष गिरि, सुनील वर्मा, जगन्नाथ प्रसाद, अरविंद्र मिश्रा, सरजीत सिंह, ललित कुमार सहित अन्य शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।








