“अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर लखनऊ के अवध गर्ल्स डिग्री कॉलेज में स्वास्थ्य परिचर्चा आयोजित की गई, जिसमें विशेषज्ञ डॉक्टरों ने छात्राओं को बेहतर स्वास्थ्य, कैंसर से बचाव, योग और सही जीवनशैली के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।”
लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर गुरुवार को अवध गर्ल्स डिग्री कॉलेज के सभागार में ‘आधी आबादी को दें बेहतर सेहत का उपहार’ विषय पर स्वास्थ्य परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पी.एस.आई. इंडिया) के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज की प्राचार्या डॉ. बीना राय ने की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्राओं और शिक्षिकाओं ने भाग लिया और विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पी.एस.आई. इंडिया के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर मुकेश शर्मा ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और राष्ट्र को नई दिशा दे रही हैं। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता और दीर्घकालिक खुशी के लिए स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है। इसके लिए समय प्रबंधन, नियमित दिनचर्या, योग और ध्यान को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। साथ ही समय पर भोजन, पढ़ाई और पर्याप्त आराम पर भी ध्यान देना जरूरी है।
वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. ज्योति बाजपेयी ने कहा कि महिला पूरे परिवार की आधारशिला होती है, इसलिए उनके स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। उन्होंने छात्राओं को ब्रेस्ट कैंसर और सर्वाइकल कैंसर के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए 14 वर्ष तक की बच्चियों को एचपीवी वैक्सीन मुफ्त में लगाई जा रही है। समय पर जांच और टीकाकरण से इन गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है।
वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. शिखा श्रीवास्तव ने कहा कि महिलाओं को अपने स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों के प्रति जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने बताया कि महिलाओं को जीवन में मासिक धर्म, गर्भावस्था और मेनोपॉज जैसे कई शारीरिक परिवर्तनों से गुजरना पड़ता है। ऐसे में इनकी सही जानकारी और समय पर सावधानी बरतना जरूरी है। उन्होंने शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए योग और नियमित व्यायाम को अपनाने पर भी जोर दिया।
एसजीपीजीआई की वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. पियाली भट्टाचार्य ने रोचक अंदाज में कहानियों के माध्यम से छात्राओं को जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए आत्मजागरूकता, सहानुभूति, रचनात्मक सोच, प्रभावी संवाद और तनाव से दूर रहना बेहद जरूरी है।
केजीएमयू के क्वीन मेरी अस्पताल की वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुजाता देव ने छात्राओं को चेतावनी देते हुए कहा कि इंटरनेट या सोशल मीडिया पर देखे गए लक्षणों के आधार पर खुद से दवा लेना खतरनाक हो सकता है। किसी भी बीमारी की स्थिति में प्रशिक्षित और अनुभवी चिकित्सकों की सलाह से ही दवा का सेवन करना चाहिए।
आकाशवाणी लखनऊ की डायरेक्टर प्रोग्राम्स सुमोना एस. पाण्डेय ने कहा कि अच्छा स्वास्थ्य ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। स्वस्थ रहकर ही व्यक्ति जीवन के सभी सुखों का आनंद ले सकता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कॉलेज की प्राचार्या डॉ. बीना राय ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम छात्राओं के लिए अत्यंत उपयोगी होते हैं। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे चिकित्सकों द्वारा दी गई जानकारियों और सुझावों को अपने जीवन में जरूर अपनाएं।
कार्यक्रम के दौरान खुले सत्र में छात्राओं ने विशेषज्ञों से विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी प्रश्न पूछे, जिनका चिकित्सकों ने विस्तार से उत्तर दिया। कार्यक्रम के अंत में पी.एस.आई. इंडिया के स्टेट लीड अमित कुमार ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम का संचालन सीमा अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर पी.एस.आई. इंडिया के डिप्टी डायरेक्टर समरेन्द्र बेहरा, दिनेश पाण्डेय, अनिल द्विवेदी, पारुल, प्रवीण दीक्षित, धर्मेन्द्र सिंह, हर्षिता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”





