
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। सुप्रीम कोर्ट ने उनकी याचिका पर सीधे सुनवाई करने से इनकार करते हुए मामला इलाहाबाद हाई कोर्ट भेज दिया है। आजम खान ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से अपनी गिरफ्तारी और न्यायिक हिरासत को चुनौती दी थी। अब उन्होंने हाई कोर्ट से 16 नवंबर तक मामले की सुनवाई करने का अनुरोध किया है।
कपिल सिब्बल ने कोर्ट में रखी दलील
आजम खान की ओर से पेश वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने अदालत में कहा कि आजम खान की उम्र 80 साल है और उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जेल से बाहर आने के तुरंत बाद ईडी ने उन्हें 2019 के एक मामले में गिरफ्तार कर लिया। सिब्बल ने आरोप लगाया कि इस कार्रवाई का मकसद आजम खान को अगले चुनाव से दूर रखना है।

सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट जाने को कहा
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और जस्टिस जोयमाल्या बागची की पीठ ने कहा कि आजम खान को पहले हाई कोर्ट में अपनी बात रखनी चाहिए। सुप्रीम कोर्ट ने उनकी याचिका इलाहाबाद हाई कोर्ट को भेज दी और वहां जल्द सुनवाई करने का अनुरोध किया। अब इस मामले में हाई कोर्ट के फैसले पर सबकी नजरें टिकी हैं।









