बहराइच में नई कॉलोनी का नाम ‘भरतपुर’, सीएम योगी ने किया ऐलान

बहराइच में सीएम योगी आदित्यनाथ ने विस्थापित भरथापुर गांव की नई कॉलोनी का नाम ‘भरतपुर’ घोषित किया। 136 परिवारों को आवास और भूमि आवंटन पत्र वितरित किए गए।

बहराइच। बहराइच में विस्थापित वन ग्राम भरथापुर के लोगों के लिए बसाई जा रही नई कॉलोनी को अब ‘भरतपुर’ के नाम से जाना जाएगा। यह घोषणा बुधवार को कार्यक्रम के दौरान योगी आदित्यनाथ ने की।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 136 विस्थापित परिवारों को आवास और भूमि आवंटन पत्र वितरित किए। इनमें से 10 महिलाओं को मंच पर स्वयं उनके हाथों से दस्तावेज सौंपे गए।

विस्थापन के लिए जारी हुई 21.55 करोड़ की राशि

नई कॉलोनी बसाने के लिए सरकार की ओर से 21 करोड़ 55 लाख 55 हजार 951 रुपये जारी किए गए हैं। इन परिवारों को तहसील क्षेत्र के सेमरहना में बसाया जा रहा है।

सरयू हादसे के बाद लिया गया फैसला

मुख्यमंत्री ने अक्टूबर 2025 की उस घटना को याद किया, जब सरयू नदी में नाव दुर्घटना के दौरान 9 लोगों की मौत हो गई थी। उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र में यह हादसा हुआ, वहां घड़ियाल और मगरमच्छ जैसे खतरनाक जीव रहते हैं, जिससे ग्रामीणों का जीवन अत्यंत कठिन था।

उन्होंने कहा, “जब मुझे वहां की परिस्थितियों का पता चला तो मैं खुद वहां गया और लोगों की पीड़ा को समझा। इसके बाद तत्काल राहत और पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू की गई।”

‘भरतपुर’ नाम रखने की वजह

मुख्यमंत्री ने बताया कि चैत्र नवरात्र के दौरान भगवान राम के अयोध्या लौटने और भाई भरत से मिलने की कथा से प्रेरित होकर यह नाम रखा गया है।
उनका कहना था कि सेमरहना और भरथापुर के लोगों के बीच भाईचारे और प्रेम की भावना बनी रहे, इसलिए नई बस्ती का नाम ‘भरतपुर’ रखा गया।

ग्रामीणों ने जताया आभार

विस्थापित ग्रामीणों ने सरकार के इस कदम पर खुशी जताई। ग्रामीणों के अनुसार, पहले गांव तीन नदियों से घिरा था और बुनियादी सुविधाओं का अभाव था। अब नए स्थान पर बेहतर जीवन की उम्मीद जगी है।

सरकार का यह कदम न केवल विस्थापित परिवारों के पुनर्वास की दिशा में महत्वपूर्ण है, बल्कि उन्हें सुरक्षित और बेहतर जीवन उपलब्ध कराने की पहल भी माना जा रहा है।

देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।

लखनऊ से स्टेट हेड संजीव श्रीवास्तव की रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button