“गोरखपुर में योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में 200 लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित व निष्पक्ष समाधान के निर्देश दिए। जमीन कब्जा, इलाज और पारिवारिक विवाद मामलों पर सख्ती के संकेत।“
गोरखपुर, 26 मार्च। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर प्रवास के दौरान गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में आम लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि हर शिकायत का त्वरित व संतुष्टिपूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री करीब 200 लोगों से सीधे मिले। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर बैठे लोगों के बीच खुद पहुंचकर उन्होंने एक-एक की समस्या सुनी और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सीएम योगी ने कहा कि किसी भी शिकायत को हल्के में न लिया जाए। हर मामले को संवेदनशीलता से लेकर समयबद्ध तरीके से निस्तारित किया जाए। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाते हुए कहा—“चिंता मत करिए, सरकार आपकी हर समस्या पर प्रभावी कार्रवाई करेगी।”
जमीन कब्जा और अपराध पर सख्ती
जमीन पर अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि दबंगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गरीबों की संपत्ति पर उनका ही अधिकार सुनिश्चित किया जाए और किसी भी हालत में उन्हें बेदखल न होने दिया जाए।
पारिवारिक विवादों पर क्या कहा
पारिवारिक विवादों के मामलों में सीएम योगी ने पहले आपसी संवाद के जरिए समाधान निकालने की सलाह दी। अगर मामला नहीं सुलझे, तो विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इलाज के लिए आर्थिक मदद
जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे। इस पर मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरतमंदों का तुरंत इलाज का एस्टीमेट तैयार कर सरकार को भेजा जाए, ताकि जल्द धन उपलब्ध कराया जा सके।
गोसेवा और मंदिर दर्शन
गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और अपने गुरु महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद गोशाला पहुंचकर गोवंश को दुलारते हुए उन्हें गुड़ खिलाया।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।“
लखनऊ से स्टेट हेड संजीव श्रीवास्तव की रिपोर्ट




