
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क रायबरेली : सांसद, संसदीय क्षेत्र अमेठी/सह-अध्यक्ष ‘‘दिशा’’ समिति किशोरी लाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रट सभागार में जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति ‘‘दिशा’’ की बैठक सम्पन्न हुई, जिसमें राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह उपस्थित रहें।
बैठक में जिले के विकास से जुड़े सभी बिंदुओं पर विस्तार पूर्वक चर्चा की गई। बैठक में जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) से सम्बन्धित समस्त योजनाओं का बिन्दुवार प्रस्तुतीकरण किया। सांसद ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारण्टी योजना (मनरेगा), प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, दीनदयाल उपाध्याय-ग्रामीण, राष्ट्रीय वृद्धा पेंशन योजना, राष्ट्रीय निराश्रित पेंशन योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन (हर घर नल से जल), प्रधानमंत्री कृषि सिचाई योजना, मध्यान्ह भोजन योजना, समेकित बाल विकास कार्यक्रम, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन,समग्र शिक्षा अभियान, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, अवस्थापना सम्बन्धी कार्यक्रम, समन्वित ऊर्जा विकास कार्यक्रम, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि,मृदा स्वास्थ्य कार्ड, जल प्रबन्धन कार्यक्रम, सुकन्या मंगला योजना,एक जिला एक उत्पाद, राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम, खेलो इंडिया, सुगम्य भारत अभियान, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना सहित अन्य योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
सांसद ने जिलाधिकारी को सड़कों की मरम्मत व निर्माण कार्य से संबंधित जन प्रतिनिधियों द्वारा प्राप्त समस्याओं का प्राथमिकता पर निस्तारण कराने के निर्देश दिए। जनपद में बन रहे बाईपास सड़कों पर भी चर्चा हुई। सांसद ने कहा कि जल निकायों की मरम्मत, नवीनीकरण एवं पुनरूद्वार प्राथमिकता से कराया जायें। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता की भी जानकारी ली तथा चिकित्सालय में दवाओं की प्रर्याप्त उपलब्धता, स्वास्थ्य केन्द्रों में जांच की व्यवस्था एवं प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अन्तर्गत शतप्रतिशत पात्र लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनवाये जाने के निर्देश दिये। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की समीक्षा करते हुए जनपद में उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति के सम्बन्ध में समीक्षा की गयी जिसमें अवगत कराया गया कि सभी गैस एजेंसियों में पर्याप्त एल0पी0जी0 गैस सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है। बुकिंग के अनुसार उपभोक्ताओं को आपूर्ति सुनिश्चित करायी जा रही है। जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिये गये कि जल जीवन मिशन द्वारा पूर्ण किये गये कार्यो की सूची जनपद के जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध करा दी जाये, इसके साथ ही एक कमेटी का गठन कर, किये गये कार्यों का सत्यापन करा लिया जाये। उन्होंने पूर्व में आयोजित दिशा बैठक के अनुपालन आख्या की भी समीक्षा की तथा संतोष व्यक्त किया।
बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा जन सुविधाओं से जुड़े अनेक सुझाव और समस्याओं को भी रखा गया, जिनके समाधान के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिये गये। सांसद ने कहा कि जन समस्याओं को गम्भीरता से लेते हुए अधिकारी प्राथमिकता से समयबद्ध उसका समाधान करायें। विकास योजनाओं के सफल क्रियान्वयन हेतु एक ठोस कार्य योजना बनाकर कार्य करें। जनप्रतिनिधि व अधिकारी जनपद के विकास के लिये समन्वय बनाकर टीम भावना से कार्य करें, जिससे जनपद विकास में अग्रणी रहे।
इस बैठक में अध्यक्ष जिला पंचायत रंजना चौधरी, विधायक बछरावां श्याम सुन्दर भारती, विधायक हरचंदपुर राहुल राजपूत, विधायक सरेनी देवेन्द्र प्रताप सिंह, अध्यक्ष नगर पालिका रायबरेली शत्रोहन सोनकर, जिलाधिकारी हर्षिता माथुर, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार, मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 नवीन चन्द्रा, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विशाल कुमार यादव, परियोजना निदेशक सतीश प्रसाद मिश्रा, जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार, उपायुक्त मनरेगा श्रम रोजगार प्रमोद कुमार, उपायुक्त एन0आर0एल0एम0 सविता सिंह सहित सम्बन्धित जनप्रतिनिधिगण व अधिकारीगण उपस्थित रहें।






