
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क कौशाम्बी : जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में जल निगम, सिंचाई एवं नलकूप विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत जनपद में कुल 275 पेयजल परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है, जिनमें से 165 परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं। अधिशासी अभियंता जल निगम ने जानकारी दी कि पूर्ण परियोजनाओं में से 63 योजनाओं पर पेयजल आपूर्ति शुरू कर दी गई है और उनका संचालन एवं रख-रखाव किया जा रहा है, जबकि 102 परियोजनाएं टेस्टिंग एवं ट्रायल रन के चरण में हैं। शेष 110 परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है, जिन्हें मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने ओवरहेड टैंक निर्माण, पाइपलाइन बिछाने, गृह संयोजन तथा खुदाई के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों के मरम्मत कार्य में धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित फर्मों जे.एम.सी. एवं बाबा जी.ए. इन्फ्रा को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही निर्देशित किया कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान तोड़ी गई सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र कराई जाय। नलकूप विभाग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी नलकूपों को क्रियाशील बनाए रखने के निर्देश दिये। वहीं सिंचाई विभाग को खरीफ फसल के दौरान किसानों को सिंचाई में किसी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। अधिशासी अभियंता सिंचाई ने बताया कि सर्वेक्षण कर क्षतिग्रस्त नहरों के मरम्मत कार्य कराए जाएंगे। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








