राजपुर में पांच दिवसीय बुद्ध कथा का समापन, महापुरुषों के विचार अपनाने का आह्वान

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क मितौली खीरी : विकासखंड मितौली क्षेत्र की ग्राम पंचायत जानकी नगर ग्रंट के गांव राजपुर में आयोजित पांच दिवसीय बुद्ध कथा कार्यक्रम का समापन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। धार्मिक एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े इस आयोजन में क्षेत्र के बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही। कार्यक्रम का संचालन खुशीराम गौतम द्वारा किया गया। समापन अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे बसपा कार्यकर्ता सचिन सिंह नितिन ने सभा को संबोधित करते हुए गौतम बुद्ध, डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं कांशीराम के विचारों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इन महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलकर समाज में समानता, शिक्षा और जागरूकता को बढ़ावा दिया जा सकता है। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से अपील की कि वे सामाजिक एकता को मजबूत करें, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और बहुजन समाज के उत्थान के लिए निरंतर प्रयास करते रहें।

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण मौजूद रहे। आयोजन के सफल संचालन और अनुशासित व्यवस्था के लिए आयोजकों की सराहना की गई। बुद्ध कथा के समापन पर श्रद्धालुओं में उत्साह और संतोष का माहौल देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button