“उत्तर प्रदेश के गोंडा में भाजपा नेता भूपेंद्र सिंह पर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। गंभीर हालत में उन्हें लखनऊ के केजीएमसी में भर्ती कराया गया है, पुलिस ने जांच के लिए चार टीमें गठित की हैं।“
हाइलाइट्स:
- गोंडा में भाजपा नेता भूपेंद्र सिंह पर फायरिंग
- स्कॉर्पियो में बैठते समय बदमाशों ने बरसाईं गोलियां
- पेट में लगी गोली, हालत गंभीर
- केजीएमसी लखनऊ में चल रहा इलाज
- आरोपियों की तलाश में चार पुलिस टीमें गठित
गोंडा/लखनऊ। गोंडा जिले में सोमवार देर रात सनसनीखेज वारदात में पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के करीबी भाजपा नेता भूपेंद्र सिंह पर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना परसपुर थाना क्षेत्र के डेहरास ग्राम पंचायत के गजराज पुरवा की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, रात करीब 10 बजे भूपेंद्र सिंह अपनी स्कॉर्पियो में बैठकर कहीं जाने वाले थे, तभी घात लगाए बदमाशों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोली उनके पेट में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़े।

फायरिंग की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। आनन-फानन में घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी, लखनऊ भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
डॉक्टरों के मुताबिक, भूपेंद्र सिंह के पेट में गोली फंसी हुई है और ऑपरेशन किया गया है। गोली निकालने के दौरान आंतरिक अंगों को नुकसान होने की आशंका जताई गई है। फिलहाल उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है। आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल मामले में परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच जारी है।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”








