कौशाम्बी बरियावा गांव पुरानी रंजिश में खूनी संघर्ष, एक की मौत सात घायल

कौशाम्बी : चरवा थाना क्षेत्र के बरियावा गांव में गुरुवार सुबह पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान लाठी-डंडों और धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया गया, जिसमें दोनों पक्षों के कुल सात लोग घायल हो गये। घायलों को तत्काल चायल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

जिला अस्पताल में इलाज के दौरान पुनीत पुत्र चंदीलाल की मौत हो गयी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत जिला अस्पताल पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हुई है। पूरे मामले की जांच के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी। जानकारी के अनुसार सोमवार को प्रेम कुमार पुत्र बैजनाथ और उसके परिवार के सदस्यों ने रामसजीवन पुत्र पुद्दई के साथ मारपीट की थी। इस घटना में रामसजीवन गंभीर रूप से घायल हो गए थे और पहले से ही जिला अस्पताल में भर्ती थे।

इसी रंजिश के चलते गुरुवार सुबह जब रामानंद खेत की ओर जा रहे थे, तभी प्रेम कुमार , अजय कुमार पुत्र बैजनाथ व पुनीत पुत्र चंदी ने उन्हें घेरकर हमला कर दिया। रामानंद के परिवार के मौके पर पहुंचने के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। झड़प में प्रथम पक्ष से प्रेम कुमार, अजय कुमार और पुनीत घायल हुए, जबकि द्वितीय पक्ष से शिवमूरत पुत्र पुद्दई, रामप्रकाश पुत्र रामसजीवन, सुरेंद्र कुमार और रामानंद घायल हो गये। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button