दिल्ली बॉर्डर से बड़ा आतंकी पकड़ा गया, भारत विरोधी पोस्टर लगाने की साजिश का खुलासा

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आतंकी शब्बीर अहमद लोन को पकड़ा

दिल्ली पुलिस ने लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी शब्बीर अहमद लोन को दिल्ली बॉर्डर से गिरफ्तार किया। वह ISI के इशारे पर भारत विरोधी गतिविधियां चला रहा था और मॉड्यूल तैयार कर रहा था।

नई दिल्ली। राजधानी में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े शब्बीर अहमद लोन को दिल्ली बॉर्डर से गिरफ्तार किया है।

प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के निर्देश पर भारत में आतंकी मॉड्यूल तैयार कर रहा था।

कैसे हुआ खुलासा

सूत्रों के मुताबिक, गुप्त सूचना के आधार पर सुरक्षा एजेंसियों ने जाल बिछाकर आरोपी को गाजीपुर इलाके से दबोचा। गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

बांग्लादेश से चला रहा था नेटवर्क

जांच में सामने आया है कि शब्बीर अहमद लोन 2015 से बांग्लादेश में रहकर आतंकी गतिविधियों को संचालित कर रहा था। उसने वहां से एक संगठित मॉड्यूल तैयार किया, जिसके जरिए भारत में साजिशों को अंजाम देने की कोशिश की जा रही थी।

विदेशी करेंसी बरामद

आरोपी के पास से पाकिस्तानी, बांग्लादेशी और नेपाली मुद्रा बरामद हुई है, जो उसके अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की ओर इशारा करती है।

पोस्टर और रेकी की साजिश

जांच एजेंसियों के अनुसार, इस मॉड्यूल के जरिए दिल्ली और कोलकाता जैसे बड़े शहरों में भारत विरोधी पोस्टर लगाए गए थे। कश्मीरी गेट बस अड्डा और मेट्रो स्टेशन के पास ऐसे पोस्टर मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां पहले से सतर्क थीं।

इसके अलावा, आरोपी ने कई संवेदनशील जगहों की रेकी (जासूसी) करवाई थी, ताकि भविष्य में आतंकी हमलों को अंजाम दिया जा सके।

पहले भी हो चुका है गिरफ्तार

बताया जा रहा है कि शब्बीर अहमद लोन को 2007 में भी AK-47 के साथ गिरफ्तार किया गया था और उसे पाकिस्तान में आतंकी प्रशिक्षण मिला हुआ है।

नेटवर्क खंगालने में जुटी एजेंसियां

फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां आरोपी से पूछताछ कर उसके पूरे नेटवर्क, सहयोगियों और संभावित हमलों की साजिशों का पता लगाने में जुटी हैं।

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button