
राष्ट्रीय प्रस्तावना नेटवर्क लखीमपुर खीरी : तहसील गोला क्षेत्र के ग्राम पंचायत हजरतपुर निवासी लेफ्टिनेंट हरप्रीत सिंह के भारतीय सेना में अधिकारी बनने पर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। सामाजिक संस्था ‘नेकी की दीवार’ के अध्यक्ष गुरमेल सिंह एवं कार्यक्रम संयोजक रिजवान अंसारी ने गांव पहुंचकर उन्हें शील्ड भेंट कर सम्मानित किया और बधाई दी।
संस्था के पदाधिकारियों को जैसे ही हरप्रीत सिंह के लेफ्टिनेंट बनने की सूचना मिली, वे अपनी टीम के साथ हजरतपुर पहुंचे और फूलमालाओं से उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण, मित्र एवं शुभचिंतक मौजूद रहे, जिन्होंने उनकी सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दीं। लेफ्टिनेंट हरप्रीत सिंह ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा श्री गुरु नानक इंटर कॉलेज, पहाड़पुर (खीरी) से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने रक्षपाल बहादुर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट, बरेली से स्नातक एवं स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की। वर्ष 2019 में भारतीय सेना में भर्ती होकर उन्होंने अपने सैन्य जीवन की शुरुआत की और कठिन परिश्रम, अनुशासन एवं लगन के बल पर अधिकारी पद तक का सफर तय किया। 11 दिसंबर 2025 को लखनऊ में आयोजित कमीशनिंग समारोह में उन्हें आर्मी मेडिकल कोर में लेफ्टिनेंट के रूप में कमीशन प्राप्त हुआ। इसके पश्चात उन्होंने ऑफिसर ट्रेनिंग कॉलेज, लखनऊ में प्रशिक्षण पूर्ण किया। वर्तमान में उनकी पहली नियुक्ति रांची में है, जहां वे अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
गृह क्षेत्र पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। लोगों ने फूलमालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया और इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया इस दौरान उनके पिता सरदार गुरमुख सिंह एवं माता बलविंदर कौर अपने पुत्र की उपलब्धि पर गौरवान्वित नजर आए। परिवारजनों ने इसे मेहनत, अनुशासन और ईश्वर की कृपा का परिणाम बताया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लेफ्टिनेंट हरप्रीत सिंह ने कहा कि किसी भी सफलता के पीछे परिवार, गुरुजनों और मित्रों का महत्वपूर्ण योगदान होता है इस मौके पर संस्था के अध्यक्ष गुरमेल सिंह, कार्यक्रम संयोजक रिजवान अंसारी, चौकी प्रभारी कुकरा अवलीश कुमार पवार, आरक्षी शैलेंद्र सिंह एवं शहीद खान, गुलाब खान, जरनैल सिंह, हरविंदर सिंह गिल, नरविंदर सिंह, गुरप्रीत सिंह, गुरमुख सिंह, केवल सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।





