
- प्रिस्क्रिप्शन दवाओं से जुड़े नियमों का पालन नहीं करने पर हुई कार्रवाई, न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी टी20 और WBBL के पहले मैच से रहेंगी बाहर
ऑस्ट्रेलिया। ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम की तेज गेंदबाज मेगन शट पर प्रिस्क्रिप्शन दवाओं के इस्तेमाल से जुड़े नियमों का पालन नहीं करने के कारण दो मैचों का प्रतिबंध लगाया गया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, इस प्रतिबंध के चलते मेगन न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के आखिरी मुकाबले में नहीं खेल पाएंगी। इसके अलावा, वह महिला बिग बैश लीग (WBBL) के आगामी सीजन का पहला मैच भी नहीं खेल सकेंगी।
प्रिस्क्रिप्शन दवाओं से जुड़े नियमों का उल्लंघन
ICC के बयान के अनुसार, मेगन शट पर खेल विज्ञान और खेल चिकित्सा से संबंधित दिशा-निर्देशों के तहत प्रिस्क्रिप्शन दवाओं के इस्तेमाल से जुड़े नियमों का पालन नहीं करने के कारण कार्रवाई की गई है।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने भी दो मैचों के प्रतिबंध की पुष्टि की है। बोर्ड ने कहा कि वह मेगन को आवश्यक सहयोग देता रहेगा और खिलाड़ियों को नियमों तथा उनकी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने का काम जारी रखेगा।

मेगन शट ने स्वीकार की सजा
33 वर्षीय मेगन शट अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 300 से अधिक विकेट हासिल कर चुकी हैं। उन्होंने दी गई सजा को स्वीकार करते हुए निर्धारित मानकों का पालन नहीं कर पाने के लिए माफी मांगी।
मेगन का कहना है कि वह अपने ऊपर लगाए गए प्रतिबंध को पूरी तरह स्वीकार करती हैं और अपेक्षित मानकों पर खरा नहीं उतरने के लिए खेद व्यक्त करती हैं।
ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज में बनाई 2-0 की बढ़त
न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में ऑस्ट्रेलिया ने पहले ही 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पहला मुकाबला दो विकेट से जीता था, जबकि दूसरे मैच में 40 रन से जीत दर्ज की।
गौरतलब है कि मेगन शट को सीरीज के शुरुआती दोनों मुकाबलों में प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली थी। अब प्रतिबंध के कारण वह आखिरी टी20 मैच और WBBL के आगामी सीजन का पहला मुकाबला भी नहीं खेल पाएंगी।







