
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क कुकरा खीरी : उ.प्र. पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ की जिला शाखा द्वारा शनिवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश व मंडल स्तर के कई वरिष्ठ पदाधिकारी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए, जिससे समारोह को विशेष गरिमा प्राप्त हुई।
समारोह में प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं लखनऊ जिलाध्यक्ष रामकिशन वाल्मीकि, प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक गौतम, लखनऊ मंडल अध्यक्ष पवन वाल्मीकि, उ.प्र. राज्य कर्मचारी महासंघ के मंडल अध्यक्ष शिवराज गौतम, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीनाथ, जिला मीडिया प्रभारी मनोज भारती, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष संतोष कुमार शुक्ला तथा सेवानिवृत्त वरिष्ठ बाबू भजनलाल सहित कई गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान जिला कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए नवनियुक्त पदाधिकारियों को विधिवत शपथ दिलाई गई। इसके पश्चात जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार ने सभी अतिथियों को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया और विभिन्न ब्लॉकों से आए पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
नवगठित जिला कार्यकारिणी में वीरेन्द्र कुमार को जिलाध्यक्ष, पंकज बाजपेई को कार्यकारिणी अध्यक्ष, शिवकुमार वर्मा को कार्यवाहक जिलाध्यक्ष, अमरजीत को वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा विनोद कुमार मौर्य को संयुक्त मंत्री बनाया गया। महिला प्रकोष्ठ में आशा देवी को जिलाध्यक्ष, क्षमा वाल्मीकि को जिलामंत्री, गुड़िया व मंजू को उपाध्यक्ष तथा सीलम को वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं विकासखंड मोहम्मदी से राजू को सलाहकार नियुक्त किया गया।
समारोह में जनपद के सभी ब्लॉकों से बड़ी संख्या में आए पदाधिकारी एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर संगठन की मजबूती, कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा तथा आपसी एकता को और सशक्त करने पर विशेष जोर दिया गया।







