
राष्ट्रीय प्रस्तावना नेटवर्क लखीमपुर खीरी : कामदा एकादशी के पावन अवसर पर नगर के समीपवर्ती कंजादेव स्थित खाटू श्याम मंदिर में भक्ति का अनुपम वातावरण देखने को मिला। श्रीश्याम दीवाने सेवा समिति द्वारा आयोजित भव्य संकीर्तन में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा और पूरा मंदिर परिसर ‘हारे के सहारे’ के जयकारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक गणेश वंदना से हुआ। इसके बाद भजन गायक अजय गुप्ता एवं शिवम गुप्ता ने अपनी मधुर आवाज में बाबा श्याम के एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किए। भजनों की धुन पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते और नाचते रहे। फूलों से सजे बाबा के दरबार और इत्र की सुगंध ने पूरे माहौल को भक्तिमय और अलौकिक बना दिया।
मंदिर के पुजारी संतोष पाठक ने श्रद्धालुओं को कामदा एकादशी की पौराणिक कथा सुनाते हुए बताया कि किस प्रकार ललिता ने श्रृंगी ऋषि के परामर्श से यह व्रत कर अपने पति ललित को राजा पुंडरीक के श्राप से मुक्ति दिलाई थी। उन्होंने कहा कि यह एकादशी सभी मनोकामनाओं को पूर्ण करने वाली और पापों का नाश करने वाली मानी जाती है।
संकीर्तन के समापन पर बाबा की भव्य आरती उतारी गई, जिसमें महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसके बाद श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया।
आयोजन को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष दीपक राजपूत, महामंत्री अजय गुप्ता, अनिल जलोटा, संजू गुप्ता, अनिरुद्ध गुप्ता, शिवम गुप्ता, मीडिया प्रभारी सुधीर गुप्ता, आशुतोष रस्तोगी, बबलू जायसवाल, संतोष गुप्ता एवं सुमित राठौर सहित सभी सेवादारों का विशेष योगदान रहा।








