‘टीएमसी के किसी अत्याचारी को नहीं छोड़ेंगे, चुन-चुनकर हिसाब लेंगे’; पीएम मोदी

” नरेंद्र मोदी ने कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में रैली को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी सरकार और ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बंगाल से ‘महाजंगलराज’ खत्म हो जाएगा और तानाशाही खत्म नहीं होगी।”

कोलकाता। नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित विशाल रैली को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी सरकार और तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में “महाजंगलराज” का अंत होगा और राज्य में भाजपा सरकार बनेगी।

प्रधानमंत्री ने रैली में उमड़े जनसमूह की ओर इशारा करते हुए कहा, “आपका यह उत्साह और जोश बता रहा है कि बंगाल क्या सोच रहा है और बंगाल के मन में क्या चल रहा है।” उन्होंने कहा कि ब्रिगेड मैदान का इतिहास गवाह है कि जब-जब बंगाल ने देश को दिशा दी है, तब-तब यही मैदान जनता की आवाज बना है।

‘ब्रिगेड मैदान से नई क्रांति का बिगुल’

पीएम मोदी ने कहा कि इसी मैदान से अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ उठी आवाज पूरे देश में क्रांति बन गई थी। उन्होंने कहा, “आज एक बार फिर ब्रिगेड मैदान से नए बंगाल की क्रांति का बिगुल बज गया है।”

बंगाल से ‘महाजंगलराज’ खत्म होगा

प्रधानमंत्री ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बंगाल में बदलाव अब दीवारों पर भी लिखा जा चुका है और लोगों के दिलों में भी बस चुका है। उन्होंने कहा, “अब बंगाल से निर्मम सरकार का अंत होकर रहेगा। बंगाल से महाजंगलराज का खात्मा होगा, इसलिए हर कोने से आवाज उठ रही है—चाई बीजेपी सरकार, अबकी बार।”

‘टीएमसी के अत्याचारियों को नहीं बख्शेंगे’

पीएम मोदी ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के नेताओं ने रैली में आने वाले लोगों को ‘चोर’ कहकर अपमानित किया है। इस पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा, “असली चोर कौन है, यह बंगाल की प्रबुद्ध जनता जानती है। अपनी कुर्सी जाते देख यहां की निर्मम सरकार बौखला गई है। टीएमसी के किसी अत्याचारी को नहीं छोड़ेंगे, चुन-चुनकर हिसाब लेंगे।”

इससे पहले प्रधानमंत्री ने रैली के दौरान पश्चिम बंगाल के लिए हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार प्रधानमंत्री का यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि पश्चिम बंगाल में आगामी समय में विधानसभा चुनाव होने हैं और सभी दलों ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं।

देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button