‘खामोश करवाया गया हूं, हारा नहीं हूं’: आप सांसद राघव चड्ढा

संसद में बोलने का समय न देने की सिफारिश से विवाद

राज्यसभा में बोलने से रोके जाने और उपनेता पद से हटाए जाने पर AAP सांसद राघव चड्ढा का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि उन्हें खामोश किया गया है, लेकिन वे हारे नहीं हैं।

चंडीगढ़/नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) में इन दिनों अंदरूनी खींचतान तेज हो गई है। पार्टी ने राज्यसभा सांसद Raghav Chadha को उपनेता पद से हटाने के साथ-साथ उन्हें सदन में बोलने का समय न देने का फैसला किया है। इस निर्णय के बाद सियासी हलकों में हलचल बढ़ गई है।

फैसले के बाद राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “खामोश करवाया गया हूं, हारा नहीं हूं।” उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर उनके बोलने से किसे दिक्कत है।

“आम आदमी के मुद्दे उठाना क्या गलत है?”

चड्ढा ने कहा कि उन्हें जब भी राज्यसभा में बोलने का अवसर मिला, उन्होंने हमेशा आम जनता से जुड़े मुद्दे उठाए। ऐसे में उन्हें रोकना समझ से परे है। उन्होंने कहा कि अगर उनकी आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है, तो यह लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

अशोक मित्तल बने नए उपनेता

AAP ने राघव चड्ढा की जगह उद्योगपति से सांसद बने अशोक मित्तल को राज्यसभा में पार्टी का नया उपनेता नियुक्त किया है। पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखकर चड्ढा को बोलने का समय न देने का अनुरोध भी किया है, जिससे विवाद और गहरा गया है।

भाजपा का हमला

इस पूरे घटनाक्रम पर भाजपा ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने इसे पार्टी के अंदरूनी संकट का संकेत बताते हुए Arvind Kejriwal के नेतृत्व पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि पार्टी अपने ही नेताओं को दबा रही है, जो गंभीर चिंता का विषय है।

सियासत गरमाई, कई सवाल खड़े

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह मामला सिर्फ पद परिवर्तन तक सीमित नहीं है, बल्कि पार्टी के अंदर बढ़ते मतभेदों का संकेत भी हो सकता है। हाल के समय में कई नेताओं की नाराजगी सामने आने से AAP के भीतर असंतोष की चर्चा तेज हो गई है।

“मैं दरिया हूं, वक्त आने पर सैलाब बनूंगा”

अपने बयान में चड्ढा ने भावुक अंदाज में कहा,
“मेरी खामोशी को मेरी हार मत समझना, मैं वो दरिया हूं जो वक्त आने पर सैलाब बनता है।”

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button