
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क गोला गोकर्णनाथ खीरी : नगर के भूतनाथ फाटक क्षेत्र स्थित मोहल्ला गौसगंज में शनिवार शाम तेज आंधी ने अचानक कहर बरपा दिया। आंधी के चलते एक मकान की छत पर पड़ी टीन तेज हवा के झोंकों में उड़ गई, जिससे घर में मौजूद परिवार के लोग बाल-बाल बच गए। घटना के समय इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहल्ला गौसगंज निवासी आरिफ उर्फ बबलू के घर की छत पर लगी टीन शनिवार 4 अप्रैल 2026 को शाम करीब 7:00 बजे आई तेज आंधी के दौरान अचानक उड़ गई। उस समय पूरा परिवार घर के अंदर मौजूद था और टीन के ठीक नीचे बैठा हुआ था। गनीमत रही कि समय रहते सभी लोग सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आंधी इतनी तेज थी कि आसपास के कई घरों की छतों पर रखी हल्की सामग्री भी इधर-उधर बिखर गई। टीन उड़ने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और स्थिति को संभालने में सहयोग किया। घटना के बाद कुछ देर तक मोहल्ले में दहशत का माहौल बना रहा। हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन इस घटना ने लोगों को तेज आंधी और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की चेतावनी जरूर दे दी है स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मौसम में लोगों को समय रहते अलर्ट किया जाए और कमजोर मकानों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।








