जिलाधिकारी ने ग्राम चौपाल लगाकर सुनी समस्याएं त्वरित समाधान के दिये निर्देश

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क कौशाम्बी : जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने “गांव की समस्या, गांव में समाधान” अभियान के अंतर्गत विकास खंड मंझनपुर के ग्राम चक हिंगुई में ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिये। चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ की जानकारी ली।

उन्होंने पुष्टाहार, पेंशन, शौचालय, राशन, कन्या सुमंगला योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के संबंध में लाभार्थियों से संवाद किया और निर्देशित किया कि पात्रता के बावजूद वंचित लोगों को जल्द से जल्द योजनाओं से जोड़ा जाय। शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से विद्यालय में शिक्षकों की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता और पढ़ाई की स्थिति के बारे में जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि शिक्षक समय से विद्यालय आते हैं और शिक्षण कार्य सुचारु रूप से हो रहा है।

जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूहों एवं “लखपति दीदी” योजना की प्रगति की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि समूह से जुड़ी महिलाओं को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लाभान्वित कर उनके रोजगार एवं आय में वृद्धि सुनिश्चित की जाय। जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिशासी अभियंता जल निगम को निर्देश दिया कि अप्रैल माह के बाद गांव में पेयजल आपूर्ति हर हाल में सुनिश्चित की जाए और किसी प्रकार की कमी न रहे।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार वितरित किया और बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया। बैठक में बताया गया कि गांव में 28 लोगों को वृद्धावस्था पेंशन तथा 23 निराश्रित महिलाओं को पेंशन का लाभ मिल रहा है। ग्राम चौपाल में मुख्य चिकित्साधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी और उनसे अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button