केशव भवन में गूँजे सुंदरकांड के स्वर, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क धौरहरा खीरी : नगर पंचायत धौरहरा स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यालय ‘केशव भवन’ में सोमवार को भक्ति और आस्था का भव्य संगम देखने को मिला। चन्द्रेश्वर महादेव मंदिर परिसर में संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। इसके बाद उपस्थित भक्तों ने सामूहिक रूप से संगीतमय सुंदरकांड का पाठ किया। वातावरण भजनों और जयकारों से गुंजायमान हो उठा। पाठ के उपरांत विश्व शांति और कल्याण की कामना के साथ विधि-विधान से हवन-पूजन किया गया। अंत में आरती कर प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर संघ के प्रांत प्रचारक कौशल जी एवं सह विभाग प्रचारक अविनाश जी का विशेष सान्निध्य प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और संघ पदाधिकारियों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रमुख रूप से धौरहरा विधायक विनोद शंकर अवस्थी, निघासन विधायक शशांक वर्मा, जिला बौद्धिक प्रमुख राजीव अवस्थी, नगर संघचालक प्रमोद, खंड संघचालक रमेश, प्रचारक प्रियांशु एवं खंड कार्यवाह विवेक मौजूद रहे। इसके अलावा गोपाल अवस्थी, डॉ. रमारमन, कन्हैया बाजपेयी और बिपिन पांडेय सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण भक्तिमय बना रहा और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button