
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क हरदोई : उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (एकजुट) के प्रदेश अध्यक्ष सोहनलाल वर्मा के नेतृत्व में शहर के एक पार्क में शिक्षकों की बैठक आयोजित की गई। जिसमें आगामी 6 अप्रैल को लखनऊ के इको गार्डन में होने वाली सेवा सुरक्षा बचाओ महारैली सफल बनाने के लिए रणनीति बनाई गई।
बैठक को संबोधित करते हुए श्री वर्मा ने कहा कि शिक्षक सम्मान के लिए सेवा सुरक्षा अत्यंत आवश्यक है। सम्मानजनक शिक्षा व्यवस्था और सेवा सुरक्षा एक-दूसरे के पूरक हैं। भयमुक्त शिक्षक ही समाज और राष्ट्र के निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि अपने आत्मसम्मान की रक्षा के लिए 6 अप्रैल को बड़ी संख्या में उपस्थित होकर सरकार को यह संदेश देना होगा कि शिक्षक अभी सोया नहीं है और अपनी मांगों के लिए जागरूक है। कहा कि सेवा सुरक्षा की धारा की बहाली तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने शिक्षकों से अधिक से अधिक संख्या में रैली में शामिल होने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुधीर गंगवार, जिलामंत्री वीके राना, उपाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज, उपाध्यक्ष राकेश राजपूत, कोषाध्यक्ष बृज लाल वर्मा, आय व्यय निरीक्षक कृष्ण प्रताप सिंह, सुनील कुमार मंडल, संजीव कुमार आदि मौजूद रहे।








