
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क धौरहरा खीरी : थाना पढ़ुआ क्षेत्र के ढखेरवा चौराहे के पास उस समय सनसनी फैल गई, जब शारदा सहायक पोषक नहर में एक अज्ञात बुजुर्ग का शव उतराता हुआ दिखाई दिया। ढखेरवा पुल से लगभग 100 मीटर की दूरी पर मिले शव की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 70 से 72 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। बुजुर्ग सफेद धोती-कुर्ता पहने हुए थे। उनके गले में काला धागा था, जिसमें लकड़ी का गोल छल्ला पिरोया हुआ था तथा हाथ में कलावा बंधा हुआ मिला। तलाशी के दौरान जेब से चश्मा और तंबाकू की डिब्बी भी बरामद हुई है। प्रथम दृष्टया शव 2 से 3 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पानी में रहने के कारण शरीर फूल चुका है, जिससे पहचान करना मुश्किल हो रहा है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस हत्या या हादसे—दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है। ढखेरवा चौकी और थाना पढ़ुआ पुलिस आसपास के गांवों में संपर्क कर शव की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति दिए गए हुलिए के आधार पर पहचान कर सके, तो तत्काल ढखेरवा चौकी इंचार्ज (मो. न०
9412664589) या थाना पढ़ुआ प्रभारी (मो. 7017674767) को सूचित करे।






