
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सीटों के बंटवारे को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। लखनऊ स्थित कांग्रेस मुख्यालय के बाहर लगे एक पोस्टर ने इस चर्चा को और हवा दे दी है। पोस्टर पर बड़े अक्षरों में ‘200 सीट हक हमारा’ लिखा है। इसमें राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की तस्वीरें भी लगाई गई हैं।
उत्तर प्रदेश विधानसभा में कुल 403 सीटें हैं। ऐसे में कांग्रेस की ओर से 200 सीटों की दावेदारी की चर्चा ने समाजवादी पार्टी के साथ संभावित गठबंधन के समीकरणों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, पोस्टर के आधार पर इसे कांग्रेस की आधिकारिक सीट मांग नहीं माना जा सकता।

सपा-कांग्रेस के बीच सीटों पर क्या होगा फैसला?
2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ने 37 सीटें, जबकि कांग्रेस ने छह सीटें जीती थीं। अब सभी की नजरें 2027 के विधानसभा चुनाव पर टिकी हैं।
देखना होगा कि चुनाव से पहले अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर क्या बातचीत होती है और दोनों दल किसी सहमति पर पहुंच पाते हैं या नहीं।







